img

Up kiran,Digital Desk : देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंजीकृत श्रमिकों के कौशल विकास को नई दिशा देने के लिए ‘ट्रेनिंग पोर्टल’ का शुभारंभ किया। यह पोर्टल उत्तराखंड बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड से जुड़े मजदूरों और उनके आश्रितों के लिए तैयार किया गया है, ताकि प्रशिक्षण प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन, पारदर्शी और तकनीक-आधारित बनाया जा सके।

राज्य सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद श्रमिकों की रोजगार से जुड़ी अन्य जरूरतों पर भी गंभीरता से काम किया जाए, ताकि स्किल डेवलपमेंट का वास्तविक लाभ उन्हें मिल सके।

मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि राज्य के उद्यमियों से समय-समय पर फीडबैक लिया जाए, जिससे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बाजार की जरूरतों के अनुरूप ढाला जा सके। इससे श्रमिकों को सीधे रोजगार से जोड़ने में मदद मिलेगी।

बैठक में सीएम ने क्षेत्रीय जरूरतों के अनुसार प्लंबर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन जैसे तकनीकी ट्रेड्स में प्रशिक्षण पर विशेष जोर देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे स्थानीय श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार मिलेगा और बाहर से आने वाले श्रम पर निर्भरता कम होगी।

बजट 2026 को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट विकास की बड़ी संभावनाएं लेकर आया है और इससे राज्य में कौशल विकास, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।