img

भारत की मशहूर बॉक्सर और पद्म विभूषण से सम्मानित मैरी कॉम इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार, उनके और उनके पति ओनलर के बीच रिश्तों में खटास आ गई है और तलाक की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि अब तक दोनों की ओर से इन खबरों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि मैरी कॉम शादीशुदा होने के बावजूद एक नए रिश्ते में हैं।

मैरी कॉम की जिंदगी हमेशा से प्रेरणादायक रही है। उनके जीवन पर बॉलीवुड फिल्म भी बन चुकी है, जिसमें प्रियंका चोपड़ा ने उनका किरदार निभाया था। लेकिन मैरी कॉम से जुड़ी कुछ बातें हैं, जो कम ही लोग जानते हैं।

शुरुआती पढ़ाई मणिपुर के सेंट जेवियर स्कूल से करने के बाद मैरी कॉम 10वीं की परीक्षा में पास नहीं हो सकीं थीं। खेलों के प्रति लगाव के कारण उनका ध्यान पढ़ाई से हट गया था। हालांकि बाद में उन्होंने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग से अपनी पढ़ाई पूरी की और चुराचांदपुर कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की।

मैरी कॉम ने 2000 में बॉक्सिंग को करियर के रूप में चुना। 1998 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता डिंगको सिंह से प्रेरित होकर उन्होंने बॉक्सिंग की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और छह बार वर्ल्ड चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा वह ओलंपिक, एशियाई खेल और कॉमनवेल्थ जैसे मंचों पर भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

बताया जा रहा है कि 2022 में मणिपुर विधानसभा चुनाव में ओनलर की राजनीतिक भागीदारी और उस दौरान हुआ आर्थिक नुकसान, उनके रिश्ते में तनाव की वजह बन सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चुनाव प्रचार में इस जोड़े ने करोड़ों रुपये खर्च किए थे, जो पारिवारिक विवाद की जड़ हो सकता है।

मैरी कॉम और ओनलर की शादी 2005 में हुई थी। इस रिश्ते से उनके तीन बेटे हैं और 2018 में उन्होंने एक बेटी को गोद लिया था।