img

Up Kiran, Digital Desk: अलीगढ़ के पालीमुकीमपुर थाना क्षेत्र के बनूपुरा गांव में एक महिला संगीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। यह घटना चार दिन पहले की बताई जा रही है जिस पर अब परिजनों ने पति और ससुरालियों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने पुलिस को एक वीडियो भी सौंपा है जिसमें महिला की जांघ को गर्म प्रेस से दागे जाने के निशान दिख रहे हैं। इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने पति और अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका संगीता के मायके पक्ष दादों क्षेत्र के सहजाहापुर बैजना निवासी रामवती देवी पत्नी किताब सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब 10 साल पहले अपनी बेटी संगीता की शादी बनूपुरा निवासी बंटी कुमार पुत्र राजकुमार से की थी। शुरुआती दो साल तक संगीता को ठीक से रखा गया लेकिन उसके बाद पति और ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि उनसे एक भैंस और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी और मांग पूरी न होने पर संगीता के साथ मारपीट की जाती थी साथ ही जान से मारने की धमकियां भी दी जाती थीं।

रामवती देवी के अनुसार 9 जून को शाम करीब पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि संगीता को जान से मार दिया गया है। जब वह कुछ लोगों के साथ बनूपुरा गांव पहुंचीं तो संगीता मृत अवस्था में पड़ी थी। 10 जून को शव का पोस्टमार्टम कराया गया लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका जिसके चलते बिसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। रामवती देवी ने आशंका जताई है कि ससुरालियों ने ही संगीता की हत्या की है क्योंकि उसके शरीर पर मारपीट के कई निशान थे।

--Advertisement--