img

Up kiran,Digital Desk : असम विधानसभा चुनाव 2026 की आहट के साथ ही पूर्वोत्तर के इस प्रमुख राज्य में सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। चुनाव आयोग द्वारा तारीखों के औपचारिक ऐलान से पहले ही पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तीखी और व्यक्तिगत होती जा रही है। कांग्रेस के कद्दावर नेता और लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर अब तक का सबसे बड़ा और विवादास्पद हमला बोला है। गोगोई ने सीएम सरमा की तुलना पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना से करते हुए उन्हें 'असम का आधुनिक जिन्ना' करार दिया है।

बांटो और राज करो की नीति पर प्रहार

मीडिया से बातचीत के दौरान गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री पर समाज को बांटने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस तरह मोहम्मद अली जिन्ना ने धर्म के आधार पर विभाजन की लकीर खींची थी, ठीक उसी तरह हिमंत बिस्वा सरमा अपनी सत्ता बचाने के लिए असम की गंगा-जमुनी तहजीब को नुकसान पहुंचा रहे हैं। गोगोई ने कहा, "भाजपा सरकार विकास के मुद्दों पर विफल रही है, इसलिए अब वे ध्रुवीकरण की राजनीति का सहारा ले रहे हैं। लेकिन असम की जनता सब देख रही है और चुनाव में इसका माकूल जवाब देगी।"

भूपेन बोरा के जाने से कांग्रेस को 'फर्क नहीं पड़ता'

इस दौरान गौरव गोगोई ने असम प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा के इस्तीफे और उनके पाला बदलने पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। गोगोई ने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों को विचारधारा से ज्यादा सत्ता का मोह है, उनके जाने से पार्टी को रत्ती भर भी फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, "भाजपा का दामन थामने वाले लोग अब हमारे लिए कोई अहमियत नहीं रखते। कांग्रेस एक विचारधारा है और अवसरवादियों के जाने से संगठन और पवित्र होता है। हमारे पास अब भी वफादार कार्यकर्ता हैं जो जमीन पर लड़ाई लड़ रहे हैं।"

चुनावी बिसात और दल-बदल का खेल

गौरतलब है कि असम में कुछ ही महीनों के भीतर विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में दल-बदल और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चरम पर है। भूपेन बोरा जैसे वरिष्ठ नेता का जाना कांग्रेस के लिए झटका जरूर माना जा रहा था, लेकिन गौरव गोगोई के आक्रामक तेवर बता रहे हैं कि पार्टी अब डिफेंसिव मोड में नहीं, बल्कि फ्रंट फुट पर खेलने के मूड में है। गोगोई के 'जिन्ना' वाले बयान ने भाजपा खेमे में भी खलबली मचा दी है और माना जा रहा है कि जल्द ही सत्ता पक्ष की ओर से इस पर तीखा पलटवार देखने को मिलेगा।