
IPL 2025: मुंबई इंडियंस की इस सीजन की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही है। वे अपने पहले 4 मैचों में से 3 हार गये। अब 7 अप्रैल को मुंबई इंडियंस का सामना अपने घरेलू मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। मगर उससे पहले अच्छी बात ये है कि बुमराह टीम में शामिल हो गए हैं। हालांकि, अभी भी इस बात पर सस्पेंस बना हुआ है कि बुमराह आरसीबी के खिलाफ मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बन पाएंगे या नहीं।
पहला मैच कब खेलेंगे बुमराह
जसप्रीत बुमराह पीठ की सर्जरी के बाद बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। उनकी फिटनेस पर एक रिपोर्ट में कहा गया है कि उनके कमबैक पर अभी भी संदेह है। मगर अब खबर आई है कि बुमराह मुंबई इंडियंस टीम में शामिल हो गए हैं। बुमराह मैच खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। मगर अगर वह कल का मैच नहीं भी खेलते हैं तो भी माना जा रहा है कि वह 13 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच खेल सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल हो गए
बुमराह इस साल 4 जनवरी को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान सिडनी टेस्ट में फिर से चोटिल हो गए थे। बुमराह चोट के कारण चैंपियंस ट्रॉफी में भी नहीं खेल पाए थे। जसप्रीत बुमराह 2013 से मुंबई की तेज गेंदबाजी लाइन-अप का हिस्सा हैं। तब से लेकर अब तक उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 133 मैच खेले हैं और 165 विकेट भी लिए हैं। जस्सी पीठ की चोट के चलते आईपीएल 2023 में नहीं खेल पाए थे। जसप्रीत बुमराह को आईपीएल 2025 के लिए मुंबई इंडियंस ने 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया।
--Advertisement--