img

श्रीलंका में जारी महिला त्रिकोणीय श्रृंखला के पांचवें मुकाबले में बुधवार को भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने एक ऐतिहासिक पारी खेलते हुए क्रिकेट प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने महज 89 गेंदों में शतक जड़कर भारत की ओर से महिला वनडे क्रिकेट में तीसरी सबसे तेज़ सेंचुरी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

रोड्रिग्स की यह पारी न केवल तेज़ रही बल्कि बेहद अहम भी साबित हुई। उन्होंने कुल 101 गेंदों में 123 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और एक शानदार छक्का शामिल रहा। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट पर 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो इस सीरीज का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।

भारत के शीर्ष बल्लेबाजों ने दिखाया दम

रोड्रिग्स का साथ दिया दीप्ति शर्मा ने जिन्होंने संयम और समझदारी से खेलते हुए 93 रन की बेमिसाल पारी खेली। वहीं स्मृति मंधाना ने भी 51 रन का योगदान दिया। इन तीनों बल्लेबाजों की बदौलत भारत ने पारी में कभी भी नियंत्रण नहीं खोया और लगातार रन गति बनाए रखी।

दक्षिण अफ्रीका को अब यह मुकाबला जीतने के लिए 153 गेंदों में 210 रन की दरकार है, यानी उन्हें 8.23 की रन रेट से रन बनाने होंगे, जो इस पिच पर एक मुश्किल चुनौती साबित हो सकती है।

रिकॉर्ड्स की बारिश

  • यह जेमिमा रोड्रिग्स का वनडे करियर का दूसरा शतक है।
  • दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह किसी भारतीय महिला खिलाड़ी की ओर से दूसरी सबसे बड़ी पारी है।
  • भारत की ओर से वनडे में सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड स्मृति मंधाना (70 गेंद, आयरलैंड के खिलाफ, 2025) के नाम है।
  • दूसरे नंबर पर हैं हरमनप्रीत कौर, जिन्होंने 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 87 गेंदों में सेंचुरी जड़ी थी।
  • अब जेमिमा ने 89 गेंदों में सेंचुरी बनाकर इस सूची में तीसरा स्थान हासिल किया है।

--Advertisement--