
Up Kiran, Digital Desk: मनोरंजन जगत से आज एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। 'कांटा लगा' गाने से घर-घर में पहचान बनाने वाली मशहूर अभिनेत्री और मॉडल शेफाली जरीवाला का निधन हो गया है। उनकी आकस्मिक मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
पारिवारिक सूत्रों ने जहां इलाज के दौरान निधन का संकेत दिया है, वहीं पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शेफाली पिछले करीब 15 सालों से मिर्गी (Epilepsy) की बीमारी से जूझ रही थीं। लगभग डेढ़ दशक तक इस गंभीर बीमारी से बहादुरी से लड़ने के बाद, उन्होंने आज अपनी अंतिम सांस ली।
शेफाली के निधन की खबर से उनके फैंस और पूरे टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
शेफाली जरीवाला ने साल 2002 में 'कांटा लगा' म्यूजिक वीडियो से रातोंरात लोकप्रियता हासिल की थी। यह गाना उस समय का सुपर डुपर हिट था और शेफाली इसकी बदौलत 'कांटा लगा गर्ल' के नाम से मशहूर हो गईं। इस एक गाने ने उन्हें ऐसी पहचान दी कि आज भी लोग उन्हें इसी नाम से जानते थे।
'कांटा लगा' के बाद उन्होंने कई म्यूजिक वीडियो में काम किया और रियलिटी शो 'बिग बॉस 13' में भी बतौर कंटेस्टेंट नजर आईं, जहां उनके गेम और व्यक्तित्व को काफी पसंद किया गया था। वह अपने पति पराग त्यागी के साथ भी म्यूजिक वीडियो 'तेरा इंतजार' में नजर आई थीं, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा था।
शेफाली का यूं अचानक चले जाना वाकई दुखद है। उन्होंने अपने काम से जो पहचान बनाई थी, वह हमेशा याद रखी जाएगी। इस मुश्किल घड़ी में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।
--Advertisement--