
देश के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी और मुंबई इंडियंस क्रिकेट टीम की मालकिन नीता अंबानी रविवार को शिरडी पहुंचीं, जहां उन्होंने साईं बाबा के दरबार में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। मौजूदा आईपीएल सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अब तक अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा है, ऐसे में नीता अंबानी ने टीम की सफलता के लिए साईं बाबा से प्रार्थना की।
साईं बाबा के दर्शन के बाद मिला रोहित शर्मा को लेकर सवाल
शिरडी मंदिर में पूजा के बाद जब नीता अंबानी बाहर निकल रही थीं, तो एक प्रशंसक उनके पास पहुंचा और उनसे अनुरोध किया, “मैडम, रोहित को कप्तान बनाओ।” इस पर नीता अंबानी ने हाथ जोड़कर जवाब दिया, “जैसी बाबा की मर्जी।” उनका यह जवाब अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
अंबानी परिवार की भक्ति में डूबी दिनचर्या
इन दिनों अंबानी परिवार आध्यात्मिक यात्रा पर दिखाई दे रहा है। कुछ दिन पहले नीता अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी ने जामनगर से द्वारका तक 170 किलोमीटर लंबी पदयात्रा की थी। पदयात्रा के अंतिम दिन नीता अंबानी और राधिका मर्चेंट द्वारकाधीश मंदिर पहुंचीं और अनंत की यात्रा पूरी होने पर प्रसन्नता जाहिर की। अब नीता अंबानी ने साईं बाबा के दर्शन कर यह आध्यात्मिक सिलसिला आगे बढ़ाया है।
सादगी में नजर आईं नीता अंबानी
शिरडी यात्रा के दौरान नीता अंबानी पूरी सादगी में नजर आईं। उन्होंने गुलाबी रंग का साधारण सूट पहना था। मंदिर में उन्होंने साईं बाबा को चुनरी अर्पित की और दीया जलाकर पूजा की। इससे पहले भी नीता अंबानी अपने बेटे अनंत की शादी से पहले शिरडी पहुंची थीं, जहां उन्होंने 21 दीप जलाकर विशेष पूजा की थी।
भगवान श्रीकृष्ण की भी हैं भक्त
नीता अंबानी भगवान कृष्ण की अनन्य भक्त मानी जाती हैं। अंबानी परिवार ने गुजरात के जामनगर में 14 भव्य मंदिरों का निर्माण कराया है। ये सभी मंदिर मोतीखावड़ी परिसर में स्थित हैं और इनका वास्तुशिल्प प्राचीन भारतीय परंपराओं से प्रेरित है। इन मंदिरों में बारीक नक्काशी, पारंपरिक चित्रकारी और सुंदर मूर्तियों के साथ भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई देती है।
--Advertisement--