_1654285128.png)
Up Kiran, Digital Desk: क्या आपने सोचा था कि एक 'रील' आपकी जिंदगी बर्बाद कर सकती है। बिहार के पूर्णिया से एक ऐसा दहला देने वाला मामला सामने आया है, जो बताता है कि कैसे सोशल मीडिया आज भी मासूमों के लिए एक बड़ा जाल बन सकता है। उत्तर प्रदेश की दो नाबालिग बहनों को इंस्टाग्राम के जरिए फांसकर मानव तस्करों ने बिहार के पूर्णिया में बेच दिया। रेडलाइट एरिया में उनसे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। शुक्र है, पुलिस ने दो मुख्य दलालों को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे रील बनाने वाली बहनें बनीं शिकार
ये कहानी है उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के खोड़ाबार थाना क्षेत्र की रहने वाली दो बहनों की, जो इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपना शौक पूरा करती थीं। शायद उन्होंने कभी नहीं सोचा होगा कि ये रील ही उनकी जिंदगी का सबसे बुरा सपना बन जाएगा।
आरोपियों ने इन बहनों से इंस्टाग्राम पर दोस्ती की। कौन हैं ये आरोपी। ये हैं बिहार के पूर्वी चंपारण के तुरकौलिया थाना के रहने वाले पति-पत्नी - महेश और गीता। ये दोनों सोशल मीडिया का सहारा लेकर लड़कियों को फंसाने में माहिर थे। इन्होंने दोनों बहनों को 'अच्छी नौकरी' और 'बंपर कमाई' का सब्जबाग दिखाया।
जब सपने दिखाए गए और घर छोड़ा गया
दोनों बहनों के परिजन किसान थे, जो सब्जी की खेती से अपना गुजारा करते थे। दलाल महिला गीता करीब 3 महीने से इन लड़कियों के संपर्क में थी। उसने लड़कियों को बहकाया कि नौकरी, रहने-खाने-पीने की सारी व्यवस्था मुफ्त होगी, बस उन्हें जल्द से जल्द आना होगा। लालच में आकर दोनों नाबालिग लड़कियां बिना कुछ बताए घर छोड़कर निकल गईं।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने से पहले लड़कियों ने दलाल गीता को फोन किया। गीता ने अपने एक साथी को उन्हें स्टेशन पर रिसीव करने भेजा। वहीं, खुद गीता अपने पति के साथ पूर्णिया के जीरो माइल स्थित रेडलाइट एरिया पहुंच गई। वहां उन्होंने दोनों लड़कियों की तस्वीरें दिखाकर उनका सौदा कर डाला।
1 लाख 20 हजार में 15 साल की बच्ची, और 1 लाख 10 हजार में 16 साल की!
जी हां, आपने सही पढ़ा। 15 साल की छोटी बहन को 1 लाख 20 हजार रुपये में और 16 साल की बड़ी बहन को 1 लाख 10 हजार रुपये में बेच दिया गया! रेलवे स्टेशन से ऑटो के जरिए इन मासूमों की 'डिलीवरी' पूर्णिया के जीरो माइल में दी गई। पैसे मिलते ही गीता वहां से गायब हो गई।
पुलिस ने कैसे किया पीछा
घर से गायब हुई दोनों बहनों को लेकर परिजन बेहद परेशान थे। सब जगह ढूंढने के बाद, उन्होंने खोड़ाबार थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने प्रेम प्रसंग सहित सभी पहलुओं पर जांच की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। जब पुलिस ने लड़कियों के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले, तब जाकर गीता का चैट नजर आया। यह वो पल था, जब पुलिस को एक बड़ी लीड मिली।
पुलिस ने गीता की 'कुंडली' खंगालना शुरू किया और बिहार के मोतिहारी तक पहुंच गई, जहां से गीता और उसके पति महेश को गिरफ्तार कर लिया गया।
--Advertisement--