img

Up Kiran, Digital Desk: भागलपुर के लोदीपुर थाना क्षेत्र के जिच्छो गांव में एक लड़की की शादी के ठीक पहले बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कुछ ही महीनों में घर में शहनाई बजने वाली थी, मगर लड़की के एक करीबी दोस्त की धमकी ने सारी खुशियां छीन लीं और होने वाले दूल्हे ने शादी से हाथ पीछे खींच लिया। इतना ही नहीं, उसने पहले दिया गया एक लाख रुपये का एडवांस भी वापस कर दिया। अब लड़की की मां न्याय की उम्मीद में थाने और साइबर पुलिस के चक्कर लगा रही हैं।

कहानी का मूल यह है कि लड़की का एक दोस्त, जो नवगछिया का रहने वाला है और पढ़ाई के दौरान उसकी जान-पहचान हुई थी। उसने लड़की के होने वाले दूल्हे को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दे डाली। साथ ही उसने लड़की के साथ अपनी एक तस्वीर भी भेजी, जिससे दूल्हे की मानसिक स्थिति खराब हो गई। आरोपी दोस्त ने दूल्हे से कहा कि लड़की पहले ही उसकी है और यदि उसने शादी की कोशिश की तो उसे गोली मार दी जाएगी।

इस धमकी के बाद डर के मारे दूल्हे ने शादी से साफ मना कर दिया। लड़की के परिवार द्वारा पहले ही दिया गया एडवांस भी वापस कर दिया गया। अब लड़की की मां न्याय पाने के लिए हर संभव कदम उठा रही हैं। उन्होंने बताया कि यह लड़का पहले भी बेटी की तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करता रहा है। शादी टूटने के बाद वह निरंतर परेशानियों में है।

पीड़िता की मां ने कहा, “मैंने बड़ी मेहनत से बेटी की शादी तय की थी, मगर इस लड़के की वजह से सब कुछ बिगड़ गया। मैंने पहले लोदीपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई, मगर वहां से मुझे साइबर थाना भागलपुर भेज दिया गया। पर अब तक आरोपी का कोई पता नहीं चल सका।”

 

--Advertisement--