img

Pali News: मूंछें भारतीय संस्कृति में सम्मान और शान का प्रतीक मानी जाती हैं। ये बात एक बार फिर उस समय सामने आई जब जोधपुर रेंज के आईजी विकास कुमार ने एक पुलिस थाने के निरीक्षण के दौरान एक असामान्य सवाल पूछ लिया: "क्या पुलिस वालों को मूछें रखनी चाहिए या नहीं? यदि हां, तो इसका क्या फायदा है?" इस सवाल ने न केवल पुलिसकर्मियों को चौंका दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।

आईजी विकास कुमार ने पाली जिले के देसूरी पुलिस थाने का निरीक्षण किया। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने कांस्टेबलों को ध्यान से देखा, तो अचानक ये सवाल पूछ लिया। सिपाही रामचंद्र और अन्य पुलिसकर्मी इस सवाल से हैरान रह गए और तत्काल इसका उत्तर नहीं दे पाए।

इसलिए आईजी ने पूछा था सवाल

आईजी ने बाद में स्पष्ट किया कि उनका यह सवाल पुलिसकर्मियों के "आईक्यू लेवल" को चेक करने के लिए था। उनका मानना है कि ऐसे सवालों से पुलिसकर्मियों की त्वरित सोचने की क्षमता और हाजिर जवाबी का पता चलता है।

बता दें कि आईजी के इस सवाल पर पुलिसकर्मियों के बीच चर्चा का बाजार गर्म रहा। कुछ ने इस सवाल को हल्के में लिया, जबकि अन्य ने इसे गंभीरता से विचार करने का विषय माना।