img

lalu yadav iftar party: बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाने लगा है। रमजान के पवित्र महीने में आयोजित इफ्तार पार्टियों ने राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी का नया अखाड़ा बना दिया है।

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की सोमवार को पटना में हुई इफ्तार पार्टी से कांग्रेस की दूरी ने सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) को तंज कसने का सुनहरा मौका दे दिया। जेडीयू ने इसे महागठबंधन में दरार का सबूत बताते हुए कहा कि "आरजेडी की नाव डूब रही है।"

जेडीयू का हमला: "डूबती नाव से चूहे भी भागते हैं"

जेडीयू विधायक विनय कुमार ने मंगलवार को आरजेडी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आरजेडी के साथ अब कोई रहना नहीं चाहता। यह एक ऐसी नाव है जो डूब रही है। डूबती नाव को देखकर तो चूहा भी भाग जाता है और ये बात सबको पता है। जनता पहले ही आरजेडी को नकार चुकी है। उनके साथ रहने वाले अब अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। वे समझ गए हैं कि लालू प्रसाद यादव के साथ जो भी रहेगा, उसका पतन तय है। इसलिए सब भाग रहे हैं। जेडीयू के इस बयान ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। अब देखना ये है कि इस बयान पर आरजेडी की क्या प्रतिक्रिया आती है।