Up kiran,Digital Desk : महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को राजघाट पर श्रद्धालुओं और नेताओं की भीड़ जुटी। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्रीय मंत्रियों ने राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों को याद किया।
राजघाट पर नेता-महापुरुषों की श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पर जाकर महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए। उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी मौजूद रहे। सभी ने बापू के विचारों को याद करते हुए श्रद्धा भाव से उन्हें नमन किया।
देशभर में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें स्कूल, कॉलेज और सामाजिक संस्थानों ने गांधीजी की शिक्षाओं और अहिंसा के संदेश को याद किया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा
प्रधानमंत्री ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर लिखा:
"राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन। पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का आधारस्तंभ है। उनका व्यक्तित्व देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।"
एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने वीडियो साझा कर लिखा:
"पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया। इसमें वह शक्ति है, जो बिना हथियार के दुनिया को बदल सकती है।
अहिंसा परमो धर्मः। अहिंसा परन्तपः। अहिंसा परमं सत्यं यतो धर्मः प्रवर्तते॥"
महात्मा गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक
गांधीजी के स्वदेशी, अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांत आज भी समाज और राजनीति में मार्गदर्शक हैं। राजघाट पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही उनके विचारों को युवाओं तक पहुँचाने के लिए कई संस्थाओं ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किए।




