img

Up Kiran , Digital Desk: तुर्की में रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता के महज एक दिन बाद ही जमीनी हकीकत ने एक बार फिर आशा को गहरे झटके दिए हैं। रूसी सेना ने यूक्रेन के कई हिस्सों पर हमला किया है, जिसमें एक सैन्य छावनी और यात्री बस को निशाना बनाया गया। TASS एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला उस स्थान पर किया गया जहां यूक्रेनी सेना के हथियार संग्रहित थे। फिलहाल इस हमले से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

ड्रोन अटैक में यात्री बस को बनाया निशाना, 9 की मौत

रूसी हमले का सबसे भीषण असर उस समय देखने को मिला जब एक यात्री बस पर ड्रोन से हमला किया गया। यूक्रेनी पुलिस के अनुसार, बस में हुए विस्फोट में कम से कम 9 नागरिकों की मौत हुई है। पुलिस ने इसे "वॉर क्राइम" करार देते हुए कहा कि निर्दोष लोगों की हत्या किसी भी रूप में जायज़ नहीं ठहराई जा सकती। यूक्रेनी अधिकारियों ने बस की तस्वीरें भी साझा की हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि बस का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह से उड़ गया है।

सूमी छावनी भी बनी टारगेट

रूसी हमले का दूसरा बड़ा निशाना सूमी क्षेत्र की एक सैन्य छावनी रही। छावनी के प्रमुख ने पुष्टि की कि हमले के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। अभी तक कितना सैन्य नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

शांति वार्ता रही नाकाम, बंदियों की रिहाई पर बनी सहमति

शुक्रवार को तुर्की के मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक हुई थी। युद्धविराम पर सहमति नहीं बन सकी, हालांकि 1000 बंदियों की रिहाई पर दोनों पक्षों ने हामी भर दी है। पहले माना जा रहा था कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की आमने-सामने मुलाकात करेंगे, मगर अंतिम समय में पुतिन ने अपनी उपस्थिति रद्द कर दी।