img

Up kiran,Digital Desk : नेटफ्लिक्स ने साल 2026 के लिए अपने इंडिया कंटेंट प्लान से पर्दा उठा दिया है। मंगलवार को हुए खास इवेंट में ओटीटी प्लेटफॉर्म ने करीब 21 फिल्मों और वेब सीरीज का एलान किया। इस दौरान कुछ प्रोजेक्ट्स के टीजर-ट्रेलर रिलीज हुए, तो कुछ के फर्स्ट लुक पोस्टर सामने आए। इनमें सैफ अली खान, तापसी पन्नू और राजकुमार राव की आने वाली फिल्में खास चर्चा में रहीं।

खाकी में दिखे सैफ अली खान, ‘कर्तव्य’ में निभाएंगे दमदार भूमिका

नेटफ्लिक्स ने सैफ अली खान की दो फिल्मों की घोषणा की है। पहली फिल्म ‘हम हिंदुस्तानी’ है, जिसका टीजर रिलीज किया गया है और यह भारत के पहले चुनाव की कहानी पर आधारित है।
दूसरी फिल्म ‘कर्तव्य’ है, जिसमें सैफ अली खान खाकी वर्दी में नजर आएंगे। जारी पोस्टर में सैफ गंभीर और मजबूत किरदार में दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर के साथ लिखा है—
“धर्म और कर्म की लड़ाई में, क्या कर्तव्य जीत पाएगा?”
इस फिल्म में रसिका दुग्गल और संजय मिश्रा भी अहम भूमिकाओं में होंगे। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए एक जर्नलिस्ट अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।

‘गांधारी’ में तापसी पन्नू का खतरनाक अवतार

तापसी पन्नू की अगली फिल्म ‘गांधारी’ का भी आधिकारिक एलान कर दिया गया है। इसके साथ ही फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज किया गया, जिसमें तापसी का खौफनाक और इंटेंस लुक नजर आ रहा है।
पोस्टर पर लिखा है—
“आपने एक मां का प्यार देखा है, अब उसके गुस्से से मिलिए।”
इस फिल्म में तापसी के साथ इश्वाक सिंह भी अहम भूमिका निभाते दिखाई देंगे।

राजकुमार राव ‘टोस्टर’ में उलझे, सान्या मल्होत्रा संग कॉमेडी ड्रामा

राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की फिल्म ‘टोस्टर’ का फर्स्ट लुक पोस्टर भी जारी किया गया है। यह एक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म होगी, जिसमें राजकुमार एक कंजूस व्यक्ति के किरदार में नजर आएंगे।
फिल्म में फराह खान, अर्चना पूरन सिंह और अभिषेक बनर्जी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। पोस्टर में सभी कलाकारों की झलक ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

एकता कपूर का शो ‘लॉकअप’ करेगा वापसी

नेटफ्लिक्स ने एकता कपूर के चर्चित रियलिटी शो ‘लॉकअप’ की वापसी का भी एलान कर दिया है। शो का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया गया, जिसके साथ लिखा है—
“लॉक होने के लिए तैयार हो जाइए, नेटफ्लिक्स तैयार है।”
इस एलान के बाद फैंस में शो को लेकर फिर से चर्चा तेज हो गई है।