_1641750539.png)
Up Kiran, Digital Desk: आज जब दुनिया की आबादी 8 अरब के पार पहुँच चुकी है और बड़े देशों की बात होते ही अमेरिका चीन और भारत जैसे नाम ज़ेहन में आते हैं ऐसे में एक सवाल सोचने लायक है क्या दुनिया में कोई ऐसा देश भी है जहाँ कुल जनसंख्या दो दर्जन से भी कम हो?
जवाब है हां है। और इस देश का नाम है सीलैंड।
समुद्र के बीच बसा 'देश'
सीलैंड एक ऐसा देश जिसे आप गूगल मैप पर खोजने की कोशिश करेंगे तो आपको सिर्फ एक ढांचा दिखाई देगा। ये न तो पारंपरिक अर्थों में कोई द्वीप है और न ही कोई प्राकृतिक ज़मीन का टुकड़ा। सीलैंड असल में एक समुद्री किले पर बना हुआ एक छोटा सा "राष्ट्र" है जो इंग्लैंड के तट से करीब 11 किलोमीटर दूर उत्तरी सागर में स्थित है।
इसका नाम 'रफ्स टावर' था जिसे दूसरे विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश नौसेना ने बनाया था। मकसद था दुश्मन के विमानों और जहाजों की निगरानी करना।
खुद को घोषित कर दिया एक देश
साल 1967 में एक ब्रिटिश नागरिक ‘पैडी रॉय बेट्स’ ने इस किले पर कब्ज़ा कर लिया और इसे ‘प्रिंसिपैलिटी ऑफ सीलैंड’ के नाम से एक स्वतंत्र देश घोषित कर दिया। उन्होंने खुद को सीलैंड का "प्रिंस" घोषित किया और बाकायदा झंडा मुद्रा पासपोर्ट और यहां तक कि संविधान भी बना डाला।
हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आज तक किसी भी देश ने सीलैंड को आधिकारिक रूप से मान्यता नहीं दी है। फिर भी यहां एक परिवार पिछले कई दशकों से इसे एक देश की तरह ही चला रहा है।
कुल आबादी मुश्किल से एक स्कूल की क्लास के बराबर
सीलैंड का क्षेत्रफल महज़ 250 वर्ग मीटर है यानी एक अच्छे-खासे अपार्टमेंट से भी छोटा। और यहां रहने वाले लोगों की संख्या? सिर्फ़ 27। ये लोग इस देश के प्रशासन रखरखाव और "राजनीतिक गतिविधियों" को संभालते हैं। यहां कोई स्कूल नहीं, अस्पताल नहीं, शॉपिंग मॉल या ट्रैफिक की कोई चिंता नहीं।
कानूनी विवाद भी कम नहीं रहे
ब्रिटिश सरकार ने सीलैंड को मान्यता नहीं दी मगर जब उन्होंने एक बार इस पर कब्ज़ा करने की कोशिश की तो 'प्रिंस' रॉय बेट्स ने खुद हथियार उठाकर इसका बचाव किया। बाद में ब्रिटेन की अदालत ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह क्षेत्र ब्रिटिश अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
डिजिटल युग में सीलैंड
आज सीलैंड का नाम इंटरनेट पर मौजूद है। लोग यहां का डिजिटल पासपोर्ट खरीद सकते हैं "लॉर्ड" या "लेडी" की उपाधि ऑनलाइन खरीद सकते हैं और इस 'देश' के नागरिक बनने का अनुभव ले सकते हैं।
--Advertisement--