img

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश के जबलपुर और महाराष्ट्र के चंद्रपुर में स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों में सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। जबलपुर स्थित आयुध निर्माणी खमरिया (Ordnance Factory Khamaria) और चंद्रपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री दोनों ही भारतीय सेना के लिए गोला-बारूद और हथियारों का निर्माण करती हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब इन फैक्ट्रियों में कार्यरत कर्मचारी दो दिनों से अधिक की छुट्टी नहीं ले सकेंगे। यह आदेश हाल ही में जारी किया गया है, जिसके तहत सभी लंबी छुट्टियों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। जबलपुर फैक्ट्री के जनसंपर्क अधिकारी अविनाश शंकर ने बताया कि यह निर्णय उत्पादन लक्ष्य को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ही तय लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सका, इसलिए छुट्टियों को रद्द कर अधिकतम कार्यबल सुनिश्चित किया जा रहा है।

जबलपुर की इस फैक्ट्री में करीब 4,000 कर्मचारी कार्यरत हैं और यह म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL) की सबसे बड़ी इकाइयों में से एक मानी जाती है। फैक्ट्री भारतीय सशस्त्र बलों को गोला-बारूद की आपूर्ति करती है। इसी तरह का आदेश महाराष्ट्र के चंद्रपुर में स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में भी लागू किया गया है। यहां के कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं और उन्हें तत्काल कार्यस्थल पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।      

गौरतलब है कि हाल के दिनों में भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव काफी बढ़ा है। पाकिस्तानी सेना द्वारा लगातार नियंत्रण रेखा (LoC) पर सीजफायर उल्लंघन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसका जवाब भारतीय सेना भी मजबूती से दे रही है। ऐसे माहौल में गोला-बारूद के उत्पादन में तेजी लाना सेना की प्राथमिकता बन गई है।

--Advertisement--