Up Kiran,Digital Desk: क्रिकेट प्रेमियों के लिए फरवरी की शुरुआत बेहद खास होने जा रही है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है और इसकी मेजबानी भारत व श्रीलंका मिलकर कर रहे हैं। एशिया में हो रहे इस मेगा इवेंट से न सिर्फ खिलाड़ियों बल्कि करोड़ों दर्शकों की धड़कनें भी तेज हो चुकी हैं। टूर्नामेंट में भारत, श्रीलंका, नेपाल सहित कई एशियाई टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे यह चर्चा तेज है कि ट्रॉफी एक बार फिर एशिया में ही रह सकती है।
पहले दिन तीन मुकाबले, फैंस को फुल एंटरटेनमेंट
टूर्नामेंट के पहले ही दिन दर्शकों को लगातार तीन मुकाबले देखने को मिलेंगे। दिन की शुरुआत पाकिस्तान और नीदरलैंड के मैच से होगी, जो सुबह 11 बजे कोलंबो में खेला जाएगा। इसके बाद भारत में कोलकाता के मैदान पर दोपहर 3 बजे वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड आमने-सामने होंगे। दिन का सबसे ज्यादा इंतजार किया जाने वाला मुकाबला शाम 7 बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और अमेरिका के बीच खेला जाएगा।
भारत बनाम अमेरिका: आंकड़ों से आगे की चुनौती
कागजों पर अमेरिका की टीम भले ही भारत से कमजोर दिखती हो, लेकिन यह टीम सरप्राइज देने की क्षमता रखती है। हाल ही में इंडिया ए के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच में अमेरिकी बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाया था और बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए मजबूत स्कोर खड़ा किया था। यही वजह है कि भारतीय टीम इस मुकाबले को हल्के में लेने के मूड में नहीं होगी। हालांकि टी20 अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड में अब तक अमेरिका भारत को हराने में सफल नहीं रहा है।
मैच से जुड़ी जरूरी जानकारी
भारत और अमेरिका के बीच यह मुकाबला 7 फरवरी 2026 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। टॉस शाम 6:30 बजे होगा जबकि पहली गेंद 7 बजे डाली जाएगी।
वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों की दोस्त
वानखेड़े स्टेडियम की पिच आमतौर पर रन बनाने के लिए जानी जाती है। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका देती है। यहां टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहली पारी का औसत स्कोर करीब 178 रन रहा है और कई बार टीमें 200 के आसपास का स्कोर भी खड़ा कर चुकी हैं। ऐसे में दर्शकों को चौकों और छक्कों की भरमार देखने को मिल सकती है।
मौसम देगा पूरा साथ
मुंबई में मैच के दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। शाम के समय तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो रात होते-होते कम हो सकता है। मौसम साफ रहने की वजह से फैंस को पूरे 40 ओवर का रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
टीवी और मोबाइल पर कहां देखें मुकाबला
इस हाई-वोल्टेज मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं मोबाइल यूजर्स जियो हॉटस्टार ऐप के जरिए मुकाबले का आनंद ले सकते हैं।
संभावित टीम संयोजन
भारत का स्क्वॉड
ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर
अमेरिका का स्क्वॉड
मोनांक पटेल (कप्तान), एंड्रीज गौस, सैतेजा मुक्कमल्ला, शयान जहांगीर, मिलिंद कुमार, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, अली खान, नोस्टुश केनजिगे, सौरभ नेत्रावलकर, शैडली वान शल्कविक, शेहान जयसूर्या, जसदीप सिंह, संजय कृष्णमूर्ति




