
trump about world war: ट्रंप ने हाल ही में मियामी में एक जनता को संबोधित करते हुए मध्य-पूर्व और यूरोप में जारी संघर्षों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने तीसरे विश्व युद्ध की संभावना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मौजूदा हालातों को देखते हुए ये दूर नहीं है, मगर उनके नेतृत्व में इसे रोका जा सकेगा। ट्रंप ने दावा किया कि उनके पास वर्ल्ड वॉर को रोकने की योजना है।
मीडिया रिपोर्ट की माने तो राष्ट्रपति ट्रंप ने जोर देकर कहा कि उनकी प्रशासन दुनियाभर में चल रहे युद्धों को खत्म करने और शांति स्थापित करने के लिए तेजी से प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हम नहीं चाहते कि अब और लोग युद्ध की वजह से मरें। ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन की आलोचना करते हुए कहा कि यदि बाइडन का शासन एक साल और चलता तो दुनिया निश्चित रूप से तीसरे विश्व युद्ध का सामना करती। उन्होंने अपने राष्ट्रपति बनने के बाद ऐसी स्थिति न होने का आश्वासन दिया।
राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध के संदर्भ में सऊदी अरब को अमेरिकी और रूसी प्रतिनिधियों की मेजबानी के लिए धन्यवाद दिया और दोनों पक्षों के बीच बातचीत को शांति के लिए अहम बताया।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की की आलोचना की। उन्हें "मामूली सफल कॉमेडियन" कहा और इल्जाम लगाया कि ज़ेलेंस्की बिना चुनाव के सत्ता में बने हुए हैं और तानाशाह की तरह कार्य कर रहे हैं। ट्रंप की यह टिप्पणी अमेरिका के बदलते रुख को दर्शाती है, जहां पहले अमेरिका यूक्रेन का खुलकर समर्थन करता था, मगर ट्रंप प्रशासन के तहत रूस की ओर झुकाव नजर आ रहा है।