img

Up Kiran, Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) द्वारा होम गार्ड भर्ती हेतु आवेदन 18 नवम्बर से 17 दिसम्बर 2025 तक स्वीकार किए गए थे। जो अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए हैं और आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि कर दी है, उन्हें बोर्ड ने उसे सुधारने का एक अवसर प्रदान किया है।

बोर्ड ने सुधार के लिए करेक्शन विंडो 18 दिसम्बर से खोल दी है, जो निर्धारित अंतिम तिथि 21 दिसम्बर 2025 प्रातः 6 बजे तक खुली रहेगी। उम्मीदवार इन तिथियों के दौरान ऑनलाइन माध्यम से सुधार कर सकते हैं।

फॉर्म में सुधार करने की प्रक्रिया

पुलिस बोर्ड ने नोटिफिकेशन जारी कर सुधार की प्रक्रिया स्पष्ट की है। इसके अनुसार, "उम्मीदवार बोर्ड की वेबसाइट uppbpb.gov.in पर दी गई लिंक apply.upprpb.in पर जाकर अपने रजिस्टर्ड अकाउंट क्रेडेंशियल्स, आधार आईडी, या डिजीलॉकर के जरिए लॉगिन कर सकते हैं। फिर वे Application History के Modify Details टैब में जाकर अपनी जानकारी में बदलाव कर सकते हैं। कृपया ध्यान दें कि आवेदन पत्र में OTR से प्राप्त जानकारी और अपलोड की गई फोटो में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा।"

1 दिसम्बर से पहले आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए विशेष सूचना

जो उम्मीदवार 01 दिसम्बर 2025 से पहले आवेदन कर चुके हैं, वे ऑनलाइन आवेदन पत्र के बिन्दु 15-घोषणा के 'अतिरिक्त विवरण' के उपबिन्दु 2 और 5 में 'Yes' या 'No' का चयन कर सकते हैं।

समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन

यदि किसी उम्मीदवार को आवेदन पत्र में बदलाव करने में कोई समस्या आती है, तो वे हेल्पलाइन नंबर 1800 9110 005 पर प्रातः 10 बजे से शाम 7 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।

यह भर्ती उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में होम गार्ड के 41,424 खाली पदों को भरने के लिए आयोजित की गई थी। इस प्रक्रिया से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।