
UP News: BJP की संगठनात्मक संरचना में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े नए जिला अध्यक्षों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए गहन मंथन कर रहे हैं। लेकिन यह चर्चा केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं है बल्कि मंत्रिमंडल विस्तार, बोर्ड निगम आयोग में नियुक्तियां और प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव तक फैली हुई है।
सूत्रों के अनुसार, यूपी BJP ने 98 में से 65-70 संगठनात्मक जिलों के नए अध्यक्षों के नाम तय कर लिए हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय के लिए BJP हाईकमान की हरी झंडी आवश्यक है। उम्मीद जताई जा रही है कि शनिवार को सूची जारी की जा सकती है।
प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर भी पार्टी में चर्चा जोरों पर है। फरवरी के आखिरी हफ्ते में BJP अपने नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर सकती है। इस पद के लिए संभावित नामों पर दिल्ली हाईकमान अंतिम मुहर लगाएगा।
कई मंत्रियों को कटेगा पत्ता
BJP संगठन में हो रहे इन बदलावों का असर योगी सरकार 2.0 के मंत्रिमंडल पर भी पड़ सकता है। विधानसभा इलेक्शन 2027 को ध्यान में रखते हुए, सरकार में कुछ नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। चर्चा है कि मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है, जबकि कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है।
मंत्रिमंडल में इतनी सीटें खाली
योगी सरकार में अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं। मौजूदा वक्त में सरकार में 21 कैबिनेट मंत्री, 14 स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 19 राज्य मंत्री हैं, यानी कुल 54 मंत्री कार्यरत हैं। इसका मतलब है कि अभी 6 मंत्री पद खाली हैं, जिन पर नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं। BJP के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े की सीएम योगी और अन्य शीर्ष नेताओं से मुलाकात के बाद इस पूरी प्रक्रिया की रिपोर्ट दिल्ली हाईकमान को सौंप दी जाएगी।