
वर्तमान में पूरे विश्व में संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा शुरू किये गए टैरिफ युद्ध की काफी चर्चा हो रही है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ निर्णय से दुनिया भर में हलचल मच गई है। इस संबंध में देश के गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को टिप्पणी की।
उन्होंने कहा कि बाहरी दबाव से भारतीय नागरिकों में भय का माहौल पैदा नहीं होगा। दुनिया भर में अनिश्चितता के बीच भी हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत है। ये ऐसे दबाव को झेलने में सक्षम है। शाह राजधानी दिल्ली में 'राइजिंग इंडिया समिट' में बोल रहे थे।
शाह ने कहा कि अभी इस (टैरिफ) के परिणाम का निर्धारण करना जल्दबाजी होगी। भारत एकमात्र ऐसा देश नहीं है जो टैरिफ का सामना कर रहा है। कई देश टैरिफ का सामना कर रहे हैं। शायद हमारे सामान को अन्य देशों में भी निर्यात किया जा सके।
गृह मंत्री ने कहा कि अमेरिकी टैरिफ एक जटिल मुद्दा है। इसके परिणामों को लेकर जल्दबाजी करना सही नहीं है। भारत की अर्थव्यवस्था लचीली है। इसलिए, इस तरह के बाहरी दबाव से भारतीय नागरिकों में डर का माहौल नहीं बनेगा।
इससे पहले केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित टैरिफ से छूट पाने के लिए अमेरिका के साथ चर्चा करेगा। भारत इस वर्ष के आखिर तक अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर हस्ताक्षर करने पर सहमत हो गया है।