
Punjab Budget 2025: पंजाब सरकार ने बुधवार को अपना बजट पेश किया। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्य का बजट पेश किया। इस बजट के दौरान सबकी निगाहें पंजाब की महिलाओं को दी जाने वाली 1,000 रुपये की योजना पर टिकी रहीं। पंजाब सरकार का यह चौथा बजट है, मगर इस बजट में भी महिलाओं को 1100 रुपये देने की योजना का कोई जिक्र नहीं है।
मान सरकार की चुप्पी
आम आदमी पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में इसका वादा किया था, मगर सत्ता में आने के तीन साल बाद भी महिलाएं इंतजार कर रही हैं। आप ने वादा किया था कि पंजाब में सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जाएंगे और यह राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की जाएगी। मगर सीएम भगवंत मान सत्ता में आने के बाद से ही इस योजना पर चुप्पी साधे हुए हैं। इस बार कुछ घोषणाएं होने की उम्मीद थी, मगर बजट में भी इस मुद्दे पर चुप्पी रही।
पड़ोसी राज्यों में वादे पूरे
मान सरकार ने चुनाव के दौरान महिलाओं को एक हजार रुपये देने का वादा किया था। प्रदेश की एक करोड़ महिलाओं को इस सरकारी बजट से सबसे ज्यादा उम्मीदें थीं, जो टूट गईं। सरकार ने इस बार भी अपना वादा पूरा नहीं किया। मगर पड़ोसी राज्यों द्वारा किये गये वादे पूरे किये जा रहे हैं।
बता दें कि राज्य भर में 18 वर्ष से अधिक आयु की लगभग एक करोड़ महिलाएं हैं। 2022 में सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने राज्य की एक करोड़ महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की थी।
पंजाब की मान सरकार ने 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह वजीफा देने का वादा किया था। हालांकि, जब लोगों ने इस योजना को लागू करने में देरी को लेकर सवाल उठाए तो इसे शुरू करने की बजाय सीएम मान ने मई 2024 में यह राशि बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह करने की घोषणा की। मगर अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ है।