Up kiran,Digital Desk : शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिवंगत बालासाहेब ठाकरे को लेकर एक ऐसा दावा किया है, जिसने महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल ला दिया है। राउत का कहना है कि एक दौर ऐसा था जब अमित शाह खुद को तड़ीपार किए जाने और कानूनी पचड़ों से बचाने के लिए 'मातोश्री' की चौखट पर मदद मांगने पहुंचे थे और तब बालासाहेब ने एक जज को फोन कर उनकी पैरवी की थी।
'परेशानी में थे शाह, मातोश्री के चक्कर काट रहे थे'
कपिल सिब्बल के साथ एक इंटरव्यू में संजय राउत ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि जब अमित शाह गुजरात की राजनीति में थे, तब तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए थे। राउत के अनुसार, "मातोश्री के गेट से बार-बार मैसेज आता था कि गुजरात का कोई विधायक अमित शाह साहेब से मिलना चाहता है। पहले उन्हें शाम को बुलाया गया, फिर अगले दिन सुबह 11 बजे का समय दिया गया।" राउत ने दावा किया कि उन्होंने ही फोन उठाकर बालासाहेब से शाह को मिलवाने की सिफारिश की थी।
'मैं कट्टर हिंदूवादी हूं, मुझे बचाइए': शाह की बालासाहेब से गुहार
संजय राउत के मुताबिक, मुलाकात के दौरान अमित शाह ने बालासाहेब के पैर छुए और अपनी व्यथा सुनाई। शाह ने कहा, "साहेब, मैं कट्टर हिंदूवादी हूं और कांग्रेस ने मुझे तड़ीपार कर दिया है। मैं गुजरात भी नहीं जा सकता और अब मेरी फाइल मुंबई ट्रांसफर हो गई है। आप जज को फोन कर दीजिए, वो आपकी बात मानेंगे।" राउत ने इस घटना का जिक्र करते हुए यह जताने की कोशिश की कि मुश्किल वक्त में शिवसेना संस्थापक ही उनके काम आए थे।
जज से बालासाहेब की बातचीत: 'तुम तो हिंदू हो...'
राउत ने आगे बताया कि बालासाहेब ने तत्कालीन नेता मनोहर जोशी को संबंधित जज के पास भेजा और अपने फोन से बात करवाने को कहा। जब फोन लाइन पर जज आए, तो बालासाहेब ने उनसे कहा कि अमित शाह परेशानी में हैं, उनकी मदद करो। राउत का दावा है कि जब जज ने कहा कि यह डबल बेंच का मामला है और दूसरा जज मुस्लिम है, तो बालासाहेब ने दो टूक शब्दों में कहा, "तुम तो हिंदू हो, तुम मदद करो।"
'उपकार भूलकर शिवसेना तोड़ दी'
संजय राउत ने इन यादों को ताजा करते हुए वर्तमान भाजपा नेतृत्व पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ने जिस व्यक्ति की इतनी मदद की और उन पर उपकार किए, उन्हीं लोगों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए आज बालासाहेब की बनाई शिवसेना को दोफाड़ कर दिया। राउत का यह बयान ऐसे समय में आया है जब शिवसेना के दोनों गुटों के बीच असली विरासत को लेकर जंग जारी है।




