img

Up Kiran, Digital Desk: हरियाणा के सिरसा में एक विवाहिता ने प्रेमी को वीडियो कॉल करके आत्महत्या कर ली। उसने प्रेमी से कहा कि तुम मेरा फोन नहीं उठाते हो। इसलिए मैं आज फांसी लगा लूंगी। जब तक प्रेमी घर पहुंचा, महिला ने फांसी लगा ली थी। उसने महिला को फांसी से नीचे उतारा और जमीन पर लिटा दिया। जैसे ही उसे उसकी मौत का पता चला, वह भाग गया। पुलिस को इसकी सीसीटीवी फुटेज मिल गई है।

इसके बाद जब रात को पति घर पहुंचा तो उसने पत्नी को मृत पाया। उसने पुलिस को सूचना दी और प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया। प्रेमी महिला के पति का भतीजा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घर को सील कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना शनिवार रात 7 से 9 बजे के बीच डबवाली के वार्ड-1 के अमृत सरया वाली गली इलाके में हुई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय हरप्रीत कौर के रूप में हुई है।

महिला हरप्रीत कौर मूल रूप से पंजाब के मुक्तसर साहिब के गांव रामपुरा की रहने वाली थी। उसकी शादी पंजाब के मुक्तसर साहिब जिले के घुमियारा गांव निवासी जगदीप सिंह से हुई थी। उनके 2 बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। उस समय महिला अपने पति के साथ डबवाली में किराए के मकान में रह रही थी।

पुलिस जांच के अनुसार महिला ने प्रेमी को फोन कर कहा- तुम मुझसे बात नहीं करते। जब मैं फोन करूंगी तो तुम मत करना। मैं फांसी लगा लूंगी आज ही आ जाओ, वरना आज मर जाऊंगी।

पुलिस जांच में पता चला है कि विवाहिता के अपने पति जगदीप सिंह के भतीजे हर्षप्रीत के साथ अवैध संबंध थे। जगदीप करीब 2 महीने पहले मुक्तसर साहिब से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ डबवाली आया था और यहां न्यू बस स्टैंड रोड पर एक दर्जी की दुकान पर काम करता है। हर्षप्रीत को भी इस बारे में पता था, इसलिए वह कई बार महिला से मिलने आता था।

पुलिस के मुताबिक, मौके से सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें देखा जा सकता है कि प्रेमी हर्षप्रीत 15 मिनट तक घर में रहा। वह महिला को फंदे से नीचे उतारता है। इस दौरान पड़ोस की एक महिला भी वहां पहुंच जाती है। बाद में दोनों महिला को जमीन पर लिटाकर चले जाते हैं।

जब हरप्रीत का पति जगदीप घर पहुंचा तो उसने अपनी पत्नी को फर्श पर पड़ा देखा। उसने पुलिस को बताया कि हर्षप्रीत ने उसकी पत्नी हरप्रीत की गला घोंटकर हत्या कर दी है। जगदीप ने बताया कि वह अपनी पत्नी को अस्पताल लेकर गया था, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतका के पति जगदीप ने बताया कि हर्षप्रीत उर्फ ​​भोलू करीब एक साल पहले अपनी पत्नी हरप्रीत के साथ घर से भाग गया था। हालांकि, एक महीने बाद ही दोनों को राजस्थान से पकड़ लिया गया था। इसके बाद परिवार ने पंचायत की मध्यस्थता से मामला सुलझा लिया था। उस समय हरप्रीत के पति जगदीप सिंह ने भी उसे स्वीकार कर लिया था।

 

--Advertisement--