img

Up Kiran, Digital Desk: रांची नहीं, इस बार तूफान आया बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम से। पंजाब का युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने रविवार को ऐसा धोया कि मोहम्मद शमी और आकाश दीप जैसे गेंदबाज़ हाथ मलते रह गए। 48 गेंद पर 148 रन, 16 छक्के, 9 चौके, स्ट्राइक रेट 308 का। देखने वाले बस यही लगा कि गेंदबाज़ गेंद फेंक रहे हैं या अभिषेक को प्रैक्टिस करा रहे हैं।

शुरू से अंत तक एकतरफा मैच। अभिषेक और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 13 ओवर में 205 रन ठोक डाले। बंगाल के गेंदबाज़ों के पास कोई जवाब नहीं था। स्टेडियम में बैठे दर्शक भी हैरान थे कि ये लड़का गेंद को कहाँ-कहाँ मार रहा है।

सबसे खास बात रही अभिषेक की फिफ्टी। महज 12 गेंद में पचासा ठोक दिया। भारत की तरफ से ये संयुक्त दूसरी सबसे तेज़ फिफ्टी है। पहले नंबर पर आशुतोष शर्मा हैं जिन्होंने पिछले सीजन में 11 बॉल में यह कारनामा किया था। दुनिया में सबसे तेज़ तो अभी भी नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी का 9 बॉल वाला रिकॉर्ड है। लेकिन 12 बॉल में फिफ्टी मारने वालों की लिस्ट में अब अभिषेक भी शामिल हो गए। इस लिस्ट में युवराज सिंह, क्रिस गेल और हज़रतुल्लाह ज़ज़ई जैसे बड़े नाम पहले से मौजूद हैं।

खास बात ये कि अभिषेक के मेंटर खुद युवराज सिंह हैं। गुरु का रिकॉर्ड शिष्य ने बराबर कर दिखाया। 16 छक्के मारकर उन्होंने अपना ही पुराना भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। टी20 क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का विश्व रिकॉर्ड अभी भी साहिल चौहान के नाम है (18 छक्के) लेकिन 16 छक्के मारने वालों की लिस्ट में अब अभिषेक भी ज़ज़ई और फिन एलन के साथ खड़े हैं।

अभिषेक की यह पारी देखकर IPL फ्रेंचाइज़ी वाले ज़ोर-शोर से प्लान बना रहे होंगे। मेगा ऑक्शन में इस लड़के की बोली आसमान छुएगी इसमें कोई शक नहीं। पंजाब किंग्स तो पहले से उसे रोकना चाहेगी। बाकी टीमें भी पीछे नहीं रहेंगी।