बिना घंटों घिसे चमकाएं बालकनी और स्टील रेलिंग! ये 3 आसान घरेलू नुस्खे कर देंगे कमाल
शहरी घरों में रोजाना झाड़ू और पोछा लगने से अंदर का फर्श तो चमकता रहता है, लेकिन बालकनी अक्सर अनदेखी रह जाती है। धूल-मिट्टी, जिद्दी दाग या रेलिंग पर जमी गंदगी के कारण बालकनी का लुक खराब दिखने लगता है। हालांकि बिना घंटों घिसे और ज्यादा मेहनत किए भी आसान घरेलू नुस्खों से बालकनी और उसकी रेलिंग को साफ किया जा सकता है।
सबसे पहले डस्टर या मुलायम झाड़ू से धूल झाड़ें और फिर सूखे साफ कपड़े से पूरी धूल पोंछकर दाग हटाने की प्रक्रिया शुरू करें।
स्टील की रेलिंग पर जमी गंदगी या हल्के निशानों को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा और बर्तन धोने का लिक्विड मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे रेलिंग पर लगाकर कुछ देर छोड़ दें, जिससे स्टील की चमक लौट आती है और सीढ़ियों की रेलिंग पर भी यह तरीका कारगर रहता है।
वहीं तेल या चिकनाई के दाग हटाने के लिए गुनगुने पानी में डिशवॉश लिक्विड मिलाकर घोल बनाएं और स्क्रबर या कपड़े से रेलिंग साफ करें, फिर आखिर में गुनगुने पानी और सूखे कपड़े से पोंछ लें।
पानी के धब्बे और उंगलियों के निशान मिटाने के लिए एक कप पानी और एक कप सफेद सिरका मिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें। इस मिश्रण को रेलिंग पर स्प्रे करके करीब पांच मिनट के लिए छोड़ दें और फिर मुलायम कपड़े से पोंछकर साफ कर लें। इन सरल उपायों से बालकनी की सफाई झटपट हो जाती है और घर का बाहरी हिस्सा साफ-सुथरा दिखने लगता है।