राहु-केतु गोचर: किन राशियों के खुलेंगे तरक्की के रास्ते और किसे रहना होगा बेहद सतर्क?

राहु-केतु गोचर: किन राशियों के खुलेंगे तरक्की के रास्ते और किसे रहना होगा बेहद सतर्क?

साल 2026 के अंतिम महीने यानी दिसंबर में ज्योतिष के नजरिए से बड़ा ग्रह परिवर्तन होने जा रहा है। साल समाप्त होने से पहले छाया ग्रह राहु और केतु अपनी राशि बदलेंगे। लगभग डेढ़ साल बाद हो रहा यह गोचर सभी 12 राशियों पर प्रभाव डाल सकता है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, राहु कुंभ राशि से निकलकर मकर में और केतु सिंह राशि से निकलकर कर्क में प्रवेश करेंगे। राहु-केतु का यह राशि परिवर्तन 5 दिसंबर 2026 को रात 10 बजकर 32 मिनट पर होगा और दोनों ग्रह दिसंबर 2026 से जून 2028 तक इसी स्थिति में रहेंगे। आने वाले 18 महीनों के इस गोचर से करियर में अवसर, आर्थिक उतार-चढ़ाव और पारिवारिक व व्यक्तिगत जीवन में बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

ज्योतिषाचार्य पंडित नरेन्द्र उपाध्याय के मुताबिक, राहु और केतु को छाया ग्रह माना जाता है और ये हमेशा एक-दूसरे से सातवीं राशि में गोचर करते हैं। राहु को महत्वाकांक्षा, आकस्मिक बदलाव और भौतिक सुविधाओं का कारक माना जाता है, जबकि केतु को वैराग्य, आध्यात्मिकता और आत्मचिंतन से जोड़ा जाता है। इस गोचर में राहु मकर राशि में जाएंगे, जिसका जुड़ाव कर्म, अनुशासन, कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों से है। इससे नौकरी, कारोबार और करियर से जुड़े मामलों में हलचल दिख सकती है। वहीं केतु के कर्क राशि में आने से घर-परिवार, भावनात्मक स्थिति और संबंधों पर असर पड़ सकता है।

मेष राशि वालों के लिए राहु का गोचर कर्म भाव में होगा, जिससे कार्यक्षेत्र व नौकरी में आगे बढ़ने के नए अवसर मिल सकते हैं और जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। केतु के प्रभाव से पारिवारिक मामलों के लिए समय निकालना जरूरी होगा। 

वृषभ राशि के लिए राहु भाग्य भाव में रहेंगे, जिससे यात्रा, उच्च शिक्षा और नया सीखने के प्रति रुझान बढ़ सकता है, जबकि केतु के चलते छोटी यात्राओं और भाई-बहनों से जुड़े मामलों में बदलाव संभव है। मिथुन राशि में राहु अष्टम भाव में आएंगे, ऐसे में आकस्मिक बदलावों को लेकर सतर्कता बरतें और पैसों के मामलों में जल्दबाजी से बचें। केतु दूसरे भाव में रहेंगे, इसलिए परिवार और आर्थिक विषयों पर ध्यान देना होगा। कर्क राशि के लिए राहु सातवें भाव और केतु लग्न यानी आपकी राशि में रहेंगे, जिससे साझेदारी और दांपत्य जीवन में संयम व समझदारी की जरूरत होगी, साथ ही सेहत और मानसिक शांति को प्राथमिकता दें।

सिंह राशि में राहु छठे भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं या प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने का मौका मिल सकता है और विरोधियों पर बढ़त मिल सकती है, जबकि केतु बारहवें भाव में रहकर खर्च व नींद से जुड़ी दिक्कतों की ओर संकेत करते हैं। कन्या राशि के लिए राहु पांचवें भाव में रहेंगे, जिससे पढ़ाई, प्रेम संबंध और संतान से जुड़े मामलों में नए बदलाव आ सकते हैं और निवेश में सोच-समझकर कदम उठाना होगा। केतु ग्यारहवें भाव में रहेंगे, जिससे मित्रों व सामाजिक दायरे में फेरबदल हो सकता है। तुला राशि में राहु चौथे भाव में आएंगे, जिससे मकान, भूमि या वाहन से जुड़े मामलों में व्यस्तता बढ़ सकती है और परिवार को समय देना होगा, जबकि केतु दसवें भाव में रहकर करियर या कामकाज को लेकर मन में दुविधा ला सकते हैं।

वृश्चिक राशि के लिए राहु तीसरे भाव में रहेंगे, जिससे आत्मविश्वास, साहस और पराक्रम में वृद्धि हो सकती है और खुद के प्रयासों से नई शुरुआत संभव है, जबकि केतु नौवें भाव में रहकर धर्म व आध्यात्म में रुचि बढ़ा सकते हैं। धनु राशि में राहु दूसरे भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे धन और परिवार से जुड़े विषयों में बदलाव दिख सकता है और वाणी पर नियंत्रण रखना होगा, वहीं केतु आठवें भाव में रहकर अचानक आने वाली स्थितियों में धैर्य बनाए रखने की सलाह देते हैं। मकर राशि में राहु आपकी ही राशि में गोचर करेंगे, जिससे महत्वाकांक्षाएं तेज होंगी और करियर व निजी जीवन में बड़े निर्णय लेने पड़ सकते हैं, जबकि केतु सातवें भाव में रहकर रिश्तों व साझेदारी में तालमेल की मांग करेंगे। 

कुंभ राशि के लिए राहु बारहवें भाव में जाएंगे, जिससे विदेश यात्रा, प्रवास और खर्च बढ़ सकते हैं और फिजूलखर्ची से बचना होगा, जबकि केतु छठे भाव में रहकर पुराने विवादों व काम की उलझनों को सुलझाने का अवसर दे सकते हैं। मीन राशि में राहु ग्यारहवें भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे आमदनी और लाभ के नए रास्ते खुल सकते हैं और मित्रों व संपर्कों से फायदा संभव है, वहीं केतु पांचवें भाव में रहकर पढ़ाई, प्रेम संबंध व संतान से जुड़े मामलों में धैर्य रखने का संकेत देते हैं।