img

नालासोपारा में पुलिस द्वारा नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण का चौंकाने वाला केस सामने आया है। यौन शोषण करने वाला पुलिसकर्मी नालासोपारा में एक पुलिस प्रशिक्षण कक्षा चला रहा था। दोनों पीड़ित लड़कियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके मुताबिक, क्लास चलाने वाले पुलिसकर्मी और उसकी गर्लफ्रेंड के विरूद्ध छेड़छाड़ का केस और POCSO के तहत भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

आरोपी साधन गावड़े (28) और उसकी 25 वर्षीय प्रेमिका वसई रेलवे पुलिस स्टेशन में कार्यरत हैं। गावड़े नालासोपारा में विजय भवः नामक पुलिस अकादमी चलाता है। उस पर क्लास में आने वाली लड़कियों का यौन शोषण करने का आरोप है।

आरोपी गावड़े लड़कियों को अश्लील मैसेज भेज रहा था। वह वीडियो कॉल कर अश्लील हरकतें भी कर रहा था। पढ़ाने के नाम पर गावडे लड़कियों के शरीर को गलत जगहों पर छूता था। वह अक्सर लड़कियों का उनके घर तक पीछा करता था। कभी-कभी वह उन्हें घूमने के लिए भी बुलाता था। उसकी प्रेमिका ने कथित तौर पर इस कृत्य का समर्थन किया।

गावड़े ने एक पीड़ित लड़की के साथ आपत्तिजनक बातचीत की थी। इसके चलते प्रभावित लड़कियों ने क्लास जाना बंद कर दिया। बुधवार को आरोपी पुलिस अधिकारी साधन गावड़े और उसकी प्रेमिका के विरूद्ध यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम, 2022 और सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।

पीड़ित लड़कियों के बयान के बाद आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर अरेस्ट कर लिया गया है। गुरुवार को अदालत में पेश करने के बाद उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

--Advertisement--