img

(बारिश से आफत)

उत्तराखंड में पिछले 4 दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। देहरादून से लेकर पहाड़ों तक बारिश और भूस्खलन की वजह से चारधाम यात्री भी कई जगह फंस गए हैं। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश हो रही है। पहाड़ी जिलों में बारिश के बाद भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। आपदा की वजह से लगातार यातायात प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही कई जगहों पर आम जनों को खासी परेशानी हो रही है। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग छीनका के पास एक बार फिर से मलबा आने के कारण बंद हो गया है। इस मार्ग पर फिलहाल यातायात बंद है। राष्ट्रीय राजमार्ग 7 के दोनों ओर सैकड़ों की संख्या में वाहनों की कतार लग गई। 

सड़क पर फंसे हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का कहना है कि वे लोग बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब दर्शन के लिए जा रहे थे, लेकिन सड़क पर मलबा आने के कारण उनका सफर यहीं थम गया है। जिससे हाईवे के दोनों ओर करीब 8 हजार तीर्थयात्री फंसे हैं जो हाईवे के खुलने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, हाईवे अवरुद्ध होने पर पुलिस प्रशासन की ओर से तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ धाम, जोशीमठ, पीपलकोटी, चमोली, कर्णप्रयाग आदि क्षेत्रों में रोक लिया गया है। अब वे सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं। सड़क के दोनों ही तरफ जेसीबी मशीनें काम कर रही हैं और उम्मीद है कि आज रात तक मार्ग पूर्णतया सुचारू हो जाएगा। 

जिला प्रशासन द्वारा यात्रियों को पानी व अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं दूसरी ओर गुरुवार दोपहर बारिश से मनेरी के समीप पहाड़ी से बड़े बड़े बोल्डर गंगोत्री हाईवे पर आकर गिरे। जिसके कारण हाईवे करीब आधे घंटे बाधित रहा। बीआरओ ने हाईवे को आवाजाही के लिए सुचारू करवाया। आधे घंटे बंद होने से तीर्थयात्रियों व आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह गनीमत रही की जिस समय पहाड़ी से बोल्डर गिरे उस समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। बोल्डर गिरने के कारण हाईवे का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। बिजली के तार भी टूट कर सड़क पर आ गिरी है। 

उत्तरकाशी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने देवेन्द्र पटवाल ने बारिश के बाद भूस्खल की जानकारी दी। उन्होंने बताया लगातार हो रही बारिश से एनएच 94 पर भूस्खलन हो गया है। पहाड़ी से पत्थर गिरने से बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। मनेरी के पास गंगोत्री की ओर पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने से हाईवे क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि इस बीच गंगोत्री धाम की यात्रा जारी है।

--Advertisement--