Up kiran,Digital Desk : ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने आधिकारिक रूप से भारत दौरे की पुष्टि कर दी है। उन्होंने बताया कि वह फरवरी में नई दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद वे अमेरिका की यात्रा करेंगे, हालांकि वॉशिंगटन दौरे की तारीख अभी तय नहीं हुई है। कूटनीतिक दृष्टि से यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि लूला का भारत आना अमेरिका यात्रा से पहले हो रहा है।
ट्रंप से फोन पर बातचीत, दौरे को लेकर बनी सहमति
लूला डा सिल्वा ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से टेलीफोन पर बातचीत हुई है। इस बातचीत में दोनों नेताओं के बीच सहमति बनी कि फरवरी में भारत और दक्षिण कोरिया के दौरे के बाद ब्राजील के राष्ट्रपति वॉशिंगटन जाएंगे।
अपने पोस्ट में लूला ने कहा कि अमेरिका और ब्राजील की आर्थिक मजबूती पूरे क्षेत्र के लिए फायदेमंद है। उन्होंने यह भी बताया कि बीते महीनों में दोनों देशों के रिश्तों में सुधार हुआ है, जिसके चलते ब्राजील के उत्पादों पर लगाए गए कई टैरिफ हटा लिए गए हैं।
संगठित अपराध और मनी लॉन्ड्रिंग पर सहयोग
ब्राजील के राष्ट्रपति ने बताया कि बातचीत के दौरान संगठित अपराध के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। दोनों नेताओं ने मनी लॉन्ड्रिंग, हथियारों की तस्करी पर रोक, आपराधिक संगठनों की संपत्तियों को फ्रीज करने और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़े डेटा के आदान-प्रदान पर सहमति जताई।
ब्रिक्स और अमेरिकी टैरिफ पर मंथन
भारत वर्ष 2026 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा और ब्राजील भी इस समूह का अहम सदस्य है। इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए लूला डा सिल्वा भी भारत आएंगे। ब्रिक्स देशों के बीच अमेरिकी टैरिफ के जवाब पर भी विचार-विमर्श चल रहा है।
राष्ट्रपति ट्रंप लगातार ब्रिक्स की आलोचना करते रहे हैं और उनका आरोप है कि ये देश आपसी व्यापार में राष्ट्रीय मुद्राओं का इस्तेमाल कर अमेरिकी डॉलर को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
भारत-ब्राजील व्यापार को मिल सकती है नई दिशा
अमेरिका की ओर से भारत और ब्राजील दोनों पर भारी टैरिफ लगाए जाने के बाद वैश्विक व्यापार माहौल में तनाव बढ़ा है। ऐसे में कई देश आपसी सहयोग और व्यापार के नए रास्ते तलाश रहे हैं। भारत और ब्राजील, दोनों ही तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाएं हैं और इस दौरे के दौरान द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने पर अहम समझौते हो सकते हैं।
गौरतलब है कि 7 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच करीब एक घंटे तक फोन पर बातचीत हुई थी। अब लूला का भारत दौरा इन संबंधों को और मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।




