मेरठ में ₹2,900 करोड़ की लागत से बनेगा वर्ल्ड-क्लास प्लांट, CM योगी ने रखी नींव, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

मेरठ में ₹2,900 करोड़ की लागत से बनेगा वर्ल्ड-क्लास प्लांट, CM योगी ने रखी नींव, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक मानचित्र पर मेरठ को एक नई पहचान दिलाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में वैश्विक कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन की नई मैन्युफैक्चरिंग इकाई की नींव रखी। करीब 2,900 करोड़ रुपये से अधिक (लगभग 2,913 करोड़ रुपये) के इस निवेश से एल्युमीनियम बेवरेज कैन का विश्वस्तरीय प्लांट स्थापित किया जाएगा। शिलान्यास के अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि यह परियोजना न केवल मेरठ की औद्योगिक ताकत बढ़ाएगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और क्षेत्रीय कारोबार के लिए नए अवसर भी पैदा करेगी।

गंगा एक्सप्रेसवे कॉरिडोर और मेरठ की बदलती पहचान

मेरठ का यह औद्योगिक गलियारा गंगा एक्सप्रेसवे के नजदीक विकसित किया जा रहा है, जहां अमेरिकी कंपनी बाल बेवरेज इंडिया को भूखंड आवंटित किया गया है। अब तक खेल सामग्री और पारंपरिक उद्योगों के लिए पहचाना जाने वाला मेरठ अब आधुनिक व बड़े स्तर के विनिर्माण केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडीओपी के तहत खेल उद्योग और मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की पहल के साथ-साथ इस तरह की बड़ी औद्योगिक इकाइयां मेरठ को बहुआयामी आर्थिक केंद्र बना रही हैं।

एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल और एयरपोर्ट से मजबूत कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बॉल कॉर्पोरेशन द्वारा मेरठ को चुनने के फैसले को रणनीतिक रूप से अहम बताया। उन्होंने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-एनसीआर और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र की नजदीकी मेरठ को तेज व सुगम संपर्क देती है। इसके अलावा जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फ्रेट कॉरिडोर की पहुंच से कच्चे माल की आवक और तैयार उत्पादों की ढुलाई आसान होगी, जिससे भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों तक पहुंचने में भी मदद मिलेगी।

पेय पदार्थों के बढ़ते बाजार और स्थानीय उद्योगों को लाभ

देश में सॉफ्ट ड्रिंक, जूस, एनर्जी ड्रिंक और रेडी-टू-ड्रिंक पेय पदार्थों की खपत बढ़ने के बीच एल्युमीनियम बेवरेज कैन की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। इस इकाई के शुरू होने से कंपनी को अपने ग्राहकों और बॉटलिंग व फिलिंग इकाइयों के करीब रहने का लाभ मिलेगा। साथ ही पैकेजिंग, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, रीसाइक्लिंग और छोटे व मध्यम उद्योगों (MSME) को भी काम मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

निवेश, बुनियादी ढांचे और कौशल विकास पर सरकार का जोर

अपने संबोधन में सीएम योगी ने बीते वर्षों में प्रदेश के औद्योगिक माहौल में आए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य में औद्योगिक भूमि बैंक, सेक्टर-विशिष्ट नीतियां, सिंगल विंडो व्यवस्था और लॉजिस्टिक्स क्लस्टरों के विस्तार से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। साथ ही उन्होंने कंपनी से स्थानीय एमएसएमई से खरीद बढ़ाने, युवाओं के कौशल विकास में सहयोग करने और रीसाइक्लिंग व्यवस्था के साथ टिकाऊ उत्पादन को बढ़ावा देने का आह्वान किया, ताकि परियोजना का लाभ लंबे समय तक क्षेत्र को मिल सके।