Up kiran,Digital Desk : अभिनेता सोनू सूद ने हाल ही में गाजियाबाद में हुई ट्रिपल सुसाइड घटना को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने माता-पिता से एक खास अपील की है कि बच्चों के साथ भावनात्मक रूप से मौजूद रहें और उन्हें सिर्फ स्क्रीन के सहारे न छोड़ें।
सोनू सूद का संदेश: बच्चों को जरूरत है माता-पिता के मार्गदर्शन की
सोनू सूद ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा,
“उन्हें स्क्रीन नहीं, हमारा साथ चाहिए। ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया की दुनिया में हम बच्चों को इतना आगे छोड़ आए हैं कि उनकी चुप्पी सुनाई नहीं देती। जिन बच्चियों ने आत्महत्या की वो अकेली पड़ गई थीं। बचपन को मार्गदर्शन की जरूरत होती है, एल्गोरिदम की नहीं।”
सोनू ने यह भी जोर दिया कि माता-पिता को बच्चों की मानसिक स्थिति और उनकी दिनचर्या पर नजर रखनी चाहिए, ताकि ऐसे हादसों को समय रहते रोका जा सके।
16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध जरूरी
सोनू ने इसके पहले पोस्ट में लिखा, “आज गाजियाबाद में तीन युवतियों ने अपनी जान गंवाई। हिंसा से नहीं, गरीबी से नहीं, बल्कि ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल लत के दबाव से। मैं फिर से कह रहा हूं कि शिक्षा को छोड़कर 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध होना चाहिए। बचपन को मार्गदर्शन की जरूरत होती है, एल्गोरिदम की नहीं। देखभाल की जरूरत होती है, लगातार स्क्रीन की नहीं।”
सोनू ने यह भी चेतावनी दी कि यह दोषारोपण नहीं है, बल्कि समय रहते सुरक्षा के कदम उठाने का मामला है।
ऑनलाइन कोरियन गेमिंग की लत बनी घटना की वजह
जांच के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, तीनों बहनें कोरियन टास्क-बेस्ड ऑनलाइन गेम की आदी थीं। कोविड-19 महामारी के दौरान यह लत शुरू हुई और धीरे-धीरे उनके दिनचर्या, व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालने लगी।




