img

Up kiran,Digital Desk : भारतीय सिनेमा जब भी वैश्विक पटल पर अपनी धाक जमाता है, तो प्रशंसा के साथ-साथ आलोचनाओं का दौर भी शुरू हो जाता है। फिल्मकार आदित्य धर (Aditya Dhar) की लेटेस्ट रिलीज 'धुरंधर 2' (Dhurandhar: The Revenge) के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। भारत में जहां यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लेकर आई है, वहीं इंटरनेशनल मीडिया और हॉलीवुड क्रिटिक्स इस फिल्म को देखकर भड़क उठे हैं। विदेशी समीक्षकों ने फिल्म को 'बेहद हिंसक' और 'खतरनाक' करार दिया है।

हॉलीवुड को क्यों चुभ रही है 'धुरंधर 2' की कामयाबी?

'धुरंधर 2' ने न केवल भारत में बल्कि ओवरसीज मार्केट में भी झंडे गाड़ दिए हैं। फिल्म की बढ़ती लोकप्रियता शायद पश्चिमी देशों के मीडिया घरानों को रास नहीं आ रही है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि किसी भारतीय फिल्म का हॉलीवुड के गढ़ में घुसकर बिजनेस करना वहां के क्रिटिक्स को 'एसिडिटी' दे रहा है। कई विदेशी पोर्टल्स ने रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की इस फिल्म को 'Too Violent, Too Political' (अत्यधिक हिंसक और राजनीतिक) बताते हुए नकारात्मक रिव्यूज की झड़ी लगा दी है।

न्यूयॉर्क टाइम्स से रॉटेन टोमाटोज़ तक... निशाने पर फिल्म

इंटरनेशनल रिव्यू एग्रीगेटर साइट रॉटेन टोमाटोज़ (Rotten Tomatoes) पर फिल्म की रेटिंग महज 38% रह गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि जो थोड़े-बहुत पॉजिटिव रिव्यूज हैं, वे भारतीय समीक्षकों के ही हैं।

द न्यूयॉर्क टाइम्स: निकोलस रैपोल्ड ने फिल्म की आलोचना करते हुए लिखा कि इसका संगीत किसी 'फर्स्ट-पर्सन-शूटर' गेम जैसा लगता है। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म दर्शकों को हिंसा और खून-खराबे का आदी बना रही है, जो समाज के लिए सुकून देने वाला अनुभव नहीं है।

कल्चर मिक्स: समीक्षक कार्ला हेय ने फिल्म के भव्य बजट की तो तारीफ की, लेकिन इसके किरदारों को 'खोखला' और 'सतही' बताया। उन्होंने फिल्म को वास्तविक ऐतिहासिक घटनाओं का एक 'कट्टर अंध-राष्ट्रवादी' और 'हिंसक रूप' करार दिया।

क्रूरता या हकीकत? विदेशी मीडिया के गंभीर आरोप

समीक्षक सारा मैनवेल ने 'मूवीज वी टेक्स्टेड अबाउट' में फिल्म के एक्शन दृश्यों पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने फिल्म में दिखाए गए कत्ल, आगजनी और टॉर्चर के दृश्यों को 'समाज-विरोधी' (Sociopathic) बताया। सारा के मुताबिक, फिल्म में मनोरंजन के नाम पर सिर्फ भयावहता परोसी गई है। हालांकि, तमाम कड़वाहट के बावजूद उन्होंने रणवीर सिंह के लुक और स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ करना नहीं भुला।

बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' की आंधी: 900 करोड़ के पार

विदेशी मीडिया की तीखी बयानबाजी के बावजूद 'धुरंधर 2' की कमाई की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। खाड़ी देशों (Gulf Countries) में बैन होने के बावजूद फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में 230 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। वैश्विक स्तर पर फिल्म 900 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। आदित्य धर के निर्देशन और रणवीर सिंह की पावर-पैक परफॉर्मेंस ने साबित कर दिया है कि जनता का प्यार किसी भी 'नेगेटिव प्रोपेगेंडा' से कहीं बड़ा है।