img

बिहार के भोजपुर जिले में एक अनूठा नजारा देखने को मिला, जब जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया अचानक जमीन पर बैठ गए और गांव की महिलाओं से दिल खोलकर बातचीत शुरू कर दी। यह दिलचस्प वाकया बलुआ गांव में हुआ, जहां राज्य सरकार के ग्रामीण विकास विभाग की ओर से महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन चीफ मिनिस्टर नीतीश कुमार ने पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया और ये पहल बिहार की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो रही है।

महिला संवाद कार्यक्रम 18 अप्रैल से शुरू होकर 15 जून 2025 तक चलेगा। इसका मकसद है बिहार की महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना, उनकी समस्याओं को सुनना और उनकी अपेक्षाओं को प्रशासन तक पहुंचाना। भोजपुर जिले में यह कार्यक्रम 1398 ग्राम संगठनों के माध्यम से चलाया जा रहा है। पहले दिन जिले के 12 ग्राम संगठनों में जागरूकता वैन के जरिए कार्यक्रम आयोजित हुए। इनमें सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया।

हर कार्यक्रम में औसतन 200 से 250 महिलाएं शामिल हो रही हैं, जो इस पहल को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

DM का अनूठा अंदाज: जमीन पर बैठकर संवाद

आरा सदर प्रखंड के रामपुर सनदिया पंचायत के बलुआ गांव में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने कुछ ऐसा किया, जिसने सभी का दिल जीत लिया। वे औपचारिकता छोड़कर जमीन पर बैठ गए और आकाश जीविका महिला ग्राम संगठन की महिलाओं से खुलकर बात की। महिलाओं ने सरकारी योजनाओं से मिले लाभ के बारे में अपने अनुभव साझा किए, जिसने दूसरी महिलाओं को भी प्रेरित किया।

--Advertisement--