जानें कैसी है इमरान हाशमी की नई फिल्म ‘गनमास्टर G9’, फैंस ने दिए रिव्यू
बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख की मच-अवेइटेड एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'गनमास्टर G9' आखिरकार सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। पहले ही दिन पहला शो देखकर निकले दर्शकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर अपने रिएक्शन्स देने शुरू कर दिए हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है और सोशल मीडिया पर इसे पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है। सिनेमाप्रेमियों को इमरान और जेनेलिया की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री के साथ-साथ फिल्म के हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस खूब पसंद आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर रिव्यू शेयर करते हुए फैंस ने जेनेलिया देशमुख के नए अवतार की जमकर तारीफ की है। एक दर्शक ने लिखा कि आरती के किरदार में जेनेलिया का पहले कभी न देखा गया एक्शन अवतार रोंगटे खड़े कर देने वाला है। वहीं अन्य यूजर्स ने इसे 'फुल पैसा वसूल' और 'प्योर मास मैडनेस' करार देते हुए कहा कि इंटरवल के बाद के सीन नेक्स्ट लेवल हैं और इमरान हाशमी पूरी तरह से बीस्ट मोड में नजर आते हैं। कई फैंस का कहना है कि ईश्वर के रोल में इमरान ने अपनी छाप छोड़ दी है, जबकि पुलिस ऑफिसर के रोल में अभिषेक सिंह और देसु राठी का काम भी काफी असरदार है। इसके अलावा हिमेश रेशमिया के संगीत और खासकर 'अफ़साना' ट्रैक की भी खूब सराहना हो रही है।
आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी यह फिल्म इमरान हाशमी के साथ उनकी तीसरी साझेदारी है, इससे पहले दोनों 'आशिक बनाया आपने' और 'दिल दिया है' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। फिल्म में अभिषेक सिंह अहम भूमिका में हैं, जबकि अवनीत कौर एक स्पेशल डांस नंबर में दिखाई दी हैं। दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर द्वारा प्रोड्यूस तथा सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रस्तुत यह एक्शन-रोमांस फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला आयुष्मान खुराना और शरवरी की सूरज बड़जात्या निर्देशित फिल्म 'यह प्रेम मोल लिया' से देखने को मिल रहा है।