प्रभास, जूनियर NTR से ऋषभ शेट्टी तक: टी-सीरीज की मेगा लाइनअप तैयार, 2027 में रिलीज होंगी ये 9 बड़ी फिल्में
भारतीय सिनेमा के जाने-माने निर्माता और टी-सीरीज के कर्ताधर्ता भूषण कुमार ने आने वाले वर्षों के लिए बॉक्स ऑफिस पर बड़े धमाके की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है। टी-सीरीज की आगामी लाइनअप में रोमांस, एक्शन, ऐतिहासिक गाथा और पौराणिक कथाओं से लबरेज कई हाई-बजट फिल्में शामिल हैं। इस बार भूषण कुमार ने उत्तर से लेकर दक्षिण भारत के शीर्ष फिल्म निर्देशकों और सुपरस्टार्स के साथ हाथ मिलाया है, जिनमें प्रभास, कार्तिक आर्यन, जूनियर एनटीआर, राम चरण और 'कांतारा' फेम ऋषभ शेट्टी जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
बॉलीवुड के प्रोजेक्ट्स की बात करें तो अनुराग बसु के निर्देशन में कार्तिक आर्यन और श्रीलीला की अनटाइटल्ड रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म 30 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसके ठीक बाद राम गोपाल वर्मा के निर्देशन में बनी एक्शन-ड्रामा फिल्म 'पुलिस कंपनी' 4 जून 2027 को रिलीज होगी, जिसमें हर्षवर्धन राणे मुंबई के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक के किरदार में दिखेंगे, साथ ही फर्दीन खान, फातिमा सना शेख, परेश रावल और सौरभ शुक्ला भी अहम किरदारों में होंगे। वहीं 'एनिमल' के बाद भूषण कुमार और निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की बहुचर्चित एक्शन फिल्म 'स्पिरिट' 29 अक्टूबर 2027 को दुनियाभर में रिलीज की जाएगी, जिसमें प्रभास, तृप्ति डिमरी और विवेक ओबेरॉय मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ऐतिहासिक और देशभक्ति की पृष्ठभूमि पर भी टी-सीरीज ने बड़ा दांव खेला है। संदीप सिंह के निर्देशन में बनने जा रही दो भागों की भव्य ऐतिहासिक फिल्म 'द प्राइड ऑफ भारत-छत्रपति शिवाजी महाराज' में ऋषभ शेट्टी छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा शिमित अमीन द्वारा निर्देशित देशभक्ति ड्रामा 'कैप्टन इंडिया' 13 अगस्त 2027 को रिलीज होगी, जिसमें कार्तिक आर्यन मुख्य किरदार में दिखेंगे। निर्माण कंपनी लक्ष्मण उतेकर, राजकुमार पेरियासामी और विष्णुवर्धन जैसे दिग्गज फिल्मकारों के साथ भी नई परियोजनाओं की तैयारी कर रही है, जिनकी आधिकारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।
साउथ सिनेमा के साथ मिलकर टी-सीरीज पैन-इंडिया स्तर पर अपनी मौजूदगी और मजबूत कर रही है। हनु राघवपुडी के निर्देशन में बन रही प्रभास स्टारर 'फौजी' आजादी से पहले के कालखंड पर आधारित एक देशभक्ति एक्शन ड्रामा है। निर्देशक प्रशांत वर्मा की सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा 'जय हनुमान' में ऋषभ शेट्टी भगवान हनुमान का रोल करेंगे। उधर निर्देशक प्रशांत नील और जूनियर एनटीआर की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'ड्रैगन' 11 जून 2027 को रिलीज होने के लिए तय की गई है। इसके अलावा निर्देशक सुकुमार और अभिनेता राम चरण की नई अनाम फिल्म का काम भी हैदराबाद में हुए मुहूर्त के साथ शुरू हो चुका है, जिससे साफ है कि भूषण कुमार हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के बीच बड़े गठजोड़ को नए स्तर पर ले जाने की तैयारी में हैं।