2 करोड़ के बजट वाली 'हनुमान अंश' ने पार किया 300 करोड़ का आंकड़ा, अक्षय की 'हैवान' और 'मिर्जापुर' की रफ्तार पड़ी धीमी
सिनेमाघरों में यह सप्ताह बॉक्स ऑफिस के लिहाज से बेहद दिलचस्प रहा है। एक तरफ जहां बड़े बजट और स्टार पावर वाली 'हैवान' और 'मिर्जापुर: द मूवी' जैसी फिल्में दर्शकों को खींचने की कोशिश कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक प्रदर्शन जारी रखा है। बुधवार, 16 सितंबर को टिकट खिड़की पर इन तीनों फिल्मों ने किस तरह का कारोबार किया, आइए जानते हैं।
चमत्कार साबित हुई 'हनुमान अंश', 41वें दिन भी ताबड़तोड़ कमाई
महज 2 करोड़ रुपये के सीमित बजट में बनी 'हनुमान अंश' की सफलता की कहानी किसी चमत्कार से कम नहीं है। शुरुआत में लाखों रुपये कमाने वाली इस फिल्म ने तीसरे हफ्ते के बाद ऐसी रफ्तार पकड़ी कि नई-पुरानी सभी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। शोभिनव सत्या के निर्देशन और नेतृत्व में बनी इस फिल्म में चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी और अनिल रस्तोगी अहम भूमिकाओं में हैं। 41वें दिन 9,203 शो के साथ फिल्म ने 6 करोड़ रुपये की जोरदार कमाई की।
अब तक फिल्म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 280 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 273.13 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। विदेशों में 41वें दिन के 1.75 करोड़ रुपये जोड़कर फिल्म की कुल विदेशी कमाई 20.25 करोड़ रुपये हो गई है। इसके साथ ही 'हनुमान अंश' का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 300.25 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है।
'मिर्जापुर: द मूवी' की पकड़ मजबूत, 14वें दिन का हाल
पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु स्टारर 'मिर्जापुर: द मूवी' सिनेमाघरों में मजबूती से डटी हुई है। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, 6,991 शो के साथ फिल्म ने अपने 13वें दिन 3.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इस आंकड़े के साथ भारत में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 237.64 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 199.45 करोड़ रुपये हो चुका है। विदेशी बाजारों से 13वें दिन 1 करोड़ रुपये जोड़कर इसका ओवरसीज कलेक्शन 49 करोड़ रुपये हो गया है, जिससे फिल्म की कुल वैश्विक कमाई 286.64 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
अक्षय और सैफ की 'हैवान' की रफ्तार सुस्त, 6 दिनों में सिर्फ 9.30 करोड़
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी वाली मल्टी-स्टारर फिल्म 'हैवान', जिसमें सैयामी खेर, बोमन ईरानी और श्रिया पिलगांवकर भी नजर आए हैं, बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों के लिए तरस रही है। फिल्म ने 6 दिनों में देश भर से केवल 9.30 करोड़ रुपये जुटाए हैं। पहले दिन 3 करोड़ और दूसरे दिन 2.50 करोड़ रुपये कमाने के बाद तीसरे दिन का कलेक्शन गिरकर 1.85 करोड़ रुपये पर आ गया था। चौथे और पांचवें दिन फिल्म ने 0.70-0.70 करोड़ रुपये का बिजनेस किया, जबकि छठे दिन यह आंकड़ा घटकर मात्र 0.55 करोड़ रुपये रह गया। एक हफ्ता पूरा होने को है, लेकिन फिल्म की गति में कोई सुधार नहीं दिखा है।