3 दिसंबर को लौट रहे हैं सचिव जी! ‘पंचायत 5’ का नया पोस्टर रिलीज़, फुलेरा में फिर मचेगा भौकाल
ओटीटी की दुनिया में सादगी और देसी हास्य का जलवा बिखेरने वाली मशहूर वेब सीरीज 'पंचायत' एक बार फिर अपने नए सीजन के साथ दर्शकों का दिल जीतने आ रही है। अमेज़न प्राइम वीडियो ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि फुलेरा गांव की राजनीति और सचिव जी की दिलचस्प जिंदगी पर आधारित 'पंचायत सीजन 5' आगामी 3 दिसंबर से स्ट्रीम होने के लिए तैयार है। प्लेटफॉर्म ने सोशल मीडिया पर शो का नया आधिकारिक पोस्टर जारी करते हुए लिखा, "थोड़ी तकरार थोड़ा प्यार रहेगा, फुलेरा में आपका इंतज़ार रहेगा।" इस ऐलान के बाद से ही लंबे समय से इंतजार कर रहे दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है।
चौथे सीजन के अंत में फुलेरा गांव के राजनीतिक समीकरण पूरी तरह पलट गए थे, जहां पूर्व प्रधान मंजू देवी को करारी शिकस्त देकर क्रांति देवी ने पंचायत चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही कई सीजन से दांव-पेंच लड़ा रहे 'बनराकस' यानी भूषण जी गांव की नई सत्ता के केंद्र में आ चुके हैं। नए सीजन में ग्राम पंचायत कार्यालय का माहौल पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा, क्योंकि अब तक प्रधान जी और प्रह्लाद चा के साथ तालमेल बिठाने वाले सचिव अभिषेक त्रिपाठी को अब नई नेतृत्व वाली विरोधी टीम के साथ काम करना होगा, जिससे फुलेरा में तकरार और कॉमेडी का स्तर कई गुना बढ़ना तय माना जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर, सचिव जी की निजी जिंदगी में भी अहम मोड़ आने वाले हैं। 97 परसेंटाइल के साथ कैट (CAT) परीक्षा पास करने के बाद एमबीए का सपना देख रहे अभिषेक के लिए फुलेरा छोड़ना अब उतना आसान नहीं रह गया है। रिंकी के साथ एक-दूसरे के प्रति भावनाओं के इजहार के बाद दोनों का रिश्ता एक नए पड़ाव पर है, और अभिषेक ने अपनी पढ़ाई शुरू होने से पहले कुछ और महीने फुलेरा में ही बिताने का मन बनाया है। सीजन 5 में बनराकस की नई सत्ता, दोनों परिवारों के बीच की खींचतान, रिंकी और अभिषेक की प्रेम कहानी के साथ-साथ पिछले सीजन में प्रधान जी पर हुए जानलेवा हमले के अनसुलझे रहस्य का पर्दाफाश भी देखने को मिलेगा।