पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों का जलवा, Netflix Top 10 में छाईं ये 6 फिल्में

पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों का जलवा, Netflix Top 10 में छाईं ये 6 फिल्में

भारतीय सिनेमा की लोकप्रियता की सीमा अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रह गई है। बॉलीवुड से लेकर साउथ फिल्मों तक की कहानियां विदेशों में भी दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी भारतीय फिल्मों और सीरीज को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

ओटीटी प्लेटफॉर्म Netflix Pakistan की ट्रेंडिंग लिस्ट में कई भारतीय फिल्में अपनी जगह बनाए हुए हैं। खास बात यह है कि इनमें कुछ ऐसी फिल्में भी शामिल हैं जिन्हें लेकर पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर काफी चर्चा और बहस देखने को मिली थी। आइए जानते हैं उन भारतीय फिल्मों के बारे में जो इस समय पाकिस्तान में सबसे ज्यादा देखी जा रही हैं।

अर्जुन सरजा की 'ब्लास्ट' बनी दर्शकों की पसंद

साउथ सिनेमा के अनुभवी अभिनेता अर्जुन सरजा की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'ब्लास्ट' ओटीटी रिलीज के बाद भी दर्शकों को आकर्षित कर रही है। फिल्म का निर्देशन सुभाष के राज ने किया है।

इसमें अर्जुन सरजा के साथ प्रीति मुखुंधन और अभिरामी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। तेज रफ्तार कहानी और एक्शन से भरपूर इस फिल्म ने पाकिस्तान में अच्छी लोकप्रियता हासिल की है और Netflix Pakistan की टॉप 10 लिस्ट में दूसरे स्थान पर ट्रेंड कर रही है।

अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' ने भी बनाई जगह

बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार और वामिका गब्बी की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' को भी पाकिस्तानी दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कॉमेडी और डर का अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है। फिल्म में परेश रावल, तब्बू, राजपाल यादव और असरानी जैसे कलाकार भी नजर आते हैं। यह फिल्म Netflix Pakistan की ट्रेंडिंग लिस्ट में तीसरे नंबर पर बनी हुई है।

'दादी की शादी' के फैमिली एंटरटेनमेंट ने जीता दिल

हल्की-फुल्की कॉमेडी और पारिवारिक कहानी पसंद करने वाले दर्शकों के बीच 'दादी की शादी' चर्चा में है। इस सीरीज में कपिल शर्मा, नीतू कपूर, रिद्धिमा कपूर साहनी और सादिया खातीब जैसे कलाकार शामिल हैं।

परिवार के रिश्तों और मजेदार घटनाओं पर आधारित यह सीरीज अपनी मनोरंजक कहानी के कारण पाकिस्तान में काफी देखी जा रही है। Netflix Pakistan की टॉप 10 सूची में यह चौथे नंबर पर मौजूद है।

रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी' को मिला प्यार

इतिहास पर आधारित फिल्म 'राजा शिवाजी' भी पाकिस्तान में दर्शकों का ध्यान खींच रही है। मराठा साम्राज्य की कहानी पर बनी इस फिल्म में रितेश देशमुख मुख्य भूमिका में हैं।

फिल्म में भाग्यश्री, जेनेलिया डिसूजा और विद्या बालन जैसे कलाकार भी नजर आते हैं। इसके अलावा सलमान खान और अभिषेक बच्चन के कैमियो ने भी फिल्म को खास बनाया है। यह ऐतिहासिक ड्रामा Netflix Pakistan की ट्रेंडिंग लिस्ट में छठे स्थान पर है।

माधुरी दीक्षित की 'मां बहन' ने बनाई पहचान

माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी स्टारर 'मां बहन' अपनी अलग कहानी और ब्लैक कॉमेडी अंदाज के कारण चर्चा में है।

सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रवि किशन और परेश रावल भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। सस्पेंस और अनोखे हास्य के कारण यह फिल्म पाकिस्तान में आठवें नंबर पर ट्रेंड कर रही है।

'धुरंधर: रॉ और अनदेखा' को लेकर उत्साह

रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' का अनकट वर्जन 'धुरंधर: रॉ और अनदेखा' भी पाकिस्तानी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो रहा है।

ओटीटी पर बिना कट के रिलीज हुए इस वर्जन को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता देखने को मिली। फिल्म लगातार चर्चा में बनी हुई है और Netflix Pakistan की टॉप 10 लिस्ट में नौवें स्थान पर ट्रेंड कर रही है।

Latest Posts