‘टॉक्सिक’ ने रचा इतिहास, पहले ही दिन कमा डाले इतने करोड़
कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुचर्चित एक्शन थ्रिलर फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त तूफान खड़ा कर दिया है।
26 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर एक नया मुकाम हासिल कर लिया है। हालांकि, शानदार शुरुआत के बाद भी यह फिल्म यश की ही ब्लॉकबस्टर 'केजीएफ चैप्टर 2' के पहले दिन के विशाल रिकॉर्ड को पीछे नहीं छोड़ सकी।
पहले दिन की कमाई का पूरा ब्योरा
ट्रेड ट्रैकिंग पोर्टल सैकनिल्क (Sacnilk) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, टॉक्सिक ने देशभर के 24,579 शोज में कुल 101.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया। फिल्म के हिंदी डब वर्जन को दर्शकों का सबसे ज्यादा प्यार मिला, जिसने अकेले 55 करोड़ रुपये जुटाए। इसके बाद कन्नड़ संस्करण ने 23.30 करोड़ रुपये की कमाई की। थिएटर्स में दर्शकों की भीड़ की बात करें तो हिंदी बेल्ट में कुल 54 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज हुई, जिसमें देर रात के शोज 73.46 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी के साथ हाउसफुल नजर आए।
केजीएफ चैप्टर 2 के रिकॉर्ड से कितनी पीछे रही टॉक्सिक
यश की 'टॉक्सिक' ने भले ही शानदार शुरुआत की हो, लेकिन पहले दिन की सबसे बड़ी भारतीय ओपनिंग का उनका अपना रिकॉर्ड अभी भी 'केजीएफ चैप्टर 2' के नाम दर्ज है। प्रशांत नील द्वारा निर्देशित केजीएफ 2 ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अपने पहले दिन 116 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक कमाई की थी, जिसमें हिंदी से 53.95 करोड़, तेलुगु से 26.4 करोड़, कन्नड़ से 22.85 करोड़, तमिल से 7.9 करोड़ और मलयालम से 4.9 करोड़ रुपये शामिल थे।