img

असम से निकली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से कांग्रेस को करारा झटका लगा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, AASU यानी ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन और कांग्रेस के 150 से ज्यादा नेताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। कांग्रेस की यात्रा फिलहाल पश्चिम बंगाल में है जहां तृणमूल कांग्रेस की सरकार है।

मंत्री पीयूष हजारिका ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बताया कि 150 से ज्यादा नेता बीजेपी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने रविवार को लिखा, 'मुझे यह स्वीकार करना होगा कि राहुल गांधी की भारत बस न्याय यात्रा ने असम में बड़ा प्रभाव डाला है। असम कांग्रेस और AASU के 150 से ज्यादा नेता आज बीजेपी में शामिल हो गए हैं। 'अंकिता दत्ता, बिस्मिता गोगोई और दीपांक कुमार नाथ ने अच्छा निर्णय लिया है।'

अहम बात ये है कि दत्ता यूथ कांग्रेस असम के पूर्व अध्यक्ष थी। पिछले साल अप्रैल में उन्होंने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इसके बाद, उन्हें 'पार्टी विरोधी गतिविधियों' का हवाला देते हुए अप्रैल 2023 में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा 6 साल के लिए निलंबित कर दिया गया था।

इसी मुद्दे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी कांग्रेस की इस यात्रा पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा, 'हम अपने राजनीतिक करियर में पहली बार ऐसी 'न्याय यात्रा' देख रहे हैं। राहुल जहां से गुजर रहे हैं वहां पार्टी अपनी जमीन खो रही है और पार्टी के कार्यकर्ता भी अपनी विचारधारा छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं।'

--Advertisement--