img

लोकसभा चुनाव के लिए कल कांग्रेस आलाकमान ने पंजाब के लिए 6 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। मगर पहली फेहरिस्त में फरीदकोट लोकसभा क्षेत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल मोहम्मद सादिक फरीदकोट से सांसद हैं।

फरीदकोट लोकसभा क्षेत्र में टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस में काफी खींचतान चल रही है। कांग्रेस की पहली सूची में फरीदकोट से टिकट के लिए कोई नाम नहीं आ सका। कांग्रेस में नामों की घोषणा में हो रही देरी से कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। यहां सबसे ज्यादा चर्चा मौजूदा सांसद मोहम्मद सादिक के नाम की है। सादिक का पत्ता कटने की भी चर्चा है।

कांग्रेस के फोन सर्वे में वर्तमान सांसद मोहम्मद सादिक के नाम के अलावा चार अन्य के नामों की चर्चा शुरू हो गई है। जिसमें परमिंदर सिंह डिंपल, भूपिंदर सिंह साहोके, मास्टर बलदेव सिंह जैतो और सुखविंदर सिंह डैनी के नाम भी शामिल हैं।

इनमें परमिंदर सिंह डिंपल का नाम प्रमुख है, जो वरिष्ठ कांग्रेस नेता बीबी जगदर्शन कौर के बेटे हैं। बीबी जगदर्शन कौर मोगा जिले की पूर्व अध्यक्ष हैं और उन्होंने 2002 में धर्मकोट रिजर्व निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था।

बीबी जगदर्शन कौर के बेटे परमिंदर डिंपल मार्केट कमेटी के चेयरमैन रह चुके हैं और युवा कोटे से उनकी दावेदारी मानी जा रही है। इसके साथ ही भूपिंदर सिंह 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए और उन्हें निहाल सिंह वाला से कांग्रेस का टिकट भी मिला मगर वह हार गए।

--Advertisement--