
बेंगलुरु। राज्य की दो विधानसभा क्षेत्रों के लिए हुए उप चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा विपक्षी कांग्रेस और जद (एस) से आगे चल रही है। 3 नवम्बर को तुमकुरु जिले के सिरा और राजराजेश्वरी नगर (आरआर नगर) में उप चुनाव के लिए हुए मतदान में आज मंगलवार की सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई। दोनों सीटों के चुनावी नतीजे दोपहर तक आने की उम्मीद है।
चुनाव अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि राजराजेश्वरी नगर में आठवें दौर की गिनती के पश्चात भाजपा प्रत्याशी मुनिरत्ना 44,802 मतों के साथ प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्मीदवार कुसुम 22,125 वोट तथा जेडीएस के कृष्णमूर्ति 1,711 मत से 22,227 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं तुमकुरु की सिरा विधानसभा सीट पर आठवें दौर के नतीजों में भाजपा के डॉ. राजेश गौड़ा 24,300 मतों के साथ कांग्रेस के जयचंद्र 20,327 और जेडीएस प्रत्याशी अम्माजम्मा 13,191 से 3,973 वोटों से आगे हैं।
आज सुबह 9,000 से अधिक वोटों की गिनती हुई थी, जिसमें भाजपा के मुनिरत्ना 3,130 वोटों के साथ कांग्रेस की कुसुमा से आगे थे और उसके बाद से ही वह बढ़त बनाए हुए हैं।
--Advertisement--