उम्मीद है कि भारत में हर किसी के अधिकारों की रक्षा की जाएगी : संयुक्त राष्ट्र

img

यूपी किरण डेस्क। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत तथा किसी भी अन्य देश में, जहां चुनाव हो रहे हैं, लोगों के राजनीतिक और नागरिक अधिकारों की रक्षा की जाएगी और हर कोई एक स्वतंत्र और निष्पक्ष माहौल में मतदान कर पाएगा। स्टीफन दुजारिक ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और विपक्षी पार्टी कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज किये जाने पर भारत में आगामी राष्ट्रीय चुनाव से पहले राजनीतिक अशांति पर एक सवाल के जवाब में बृहस्पतिवार को ये टिप्पणियां की।

बताते चलें कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक गुरुवार को सवालों का जवाब दे रहे थे। उनसे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते को फ्रीज करने के मद्देनजर आगामी आम चुनावों से पहले भारत में राजनीतिक अशांति पर सवाल किया गया था। दुजारिक ने कहा कि हमें उम्मीद है कि भारत तथा अन्य देशों में जहां चुनाव होने जा रहे हैं, वहां हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा की जाएगी। इसमें नागरिक और राजनीतिक अधिकार शामिल हैं। हर कोई स्वतंत्र व निष्पक्ष माहौल में मतदान कर पाएगा।

उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र की इस प्रतिक्रिया से एक दिन पहले अमेरिका ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी तथा कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों से लेनदेन पर रोक लगाये जाने पर प्रतिक्रिया दी थी। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता द्वारा दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल की गिरफ्तारी पर की गईं टिप्पणियों के विरोध में भारत में अमेरिका के एक वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया था। लेकिन इसके कुछ घंटे बाद बुधवार को वाशिंगटन ने अपनी टिप्पणियों को पुनः दोहराया।

अमेरिका से पहले जर्मनी ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी तथा कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों से लेनदेन पर रोक लगाये जाने पर प्रतिक्रिया दी थी। जर्मनी के विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने गत 23 मार्च को कहा था कि उम्मीद है कि केजरीवाल मामले में ‘न्यायपालिका की स्वतंत्रता और बुनियादी लोकतांत्रिक सिद्धांतों’ का पालन किया जाएगा। जर्मन प्रवक्ता ने कहा था कि आरोपों का सामना करने वाले किसी भी इंसान की तरह केजरीवाल निष्पक्ष सुनवाई के हकदार हैं। बगैर किसी प्रतिबंध के कानून में उपलब्ध सभी तरीकों का उपयोग किया जाना चाहिए। 
 

Related News