Up Kiran, Digital Desk: 19 सितंबर, 2025 को भारत में iPhone 17 सीरीज की बिक्री शुरू होते ही Apple स्टोर्स पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग बड़ी संख्या में अपने पुराने फोन को नए iPhone से बदलने पहुंचे। लेकिन इस जोश के बीच एक ऐसी तकनीकी दिक्कत सामने आई जिसने खरीदारों को सोचने पर मजबूर कर दिया।
iPhone Air और Pro Max में कैमरा बग
हाल ही में लॉन्च हुए iPhone Air और iPhone 17 Pro Max में कैमरे से जुड़ी परेशानी की रिपोर्ट सामने आई है। यूजर्स ने शिकायत की है कि फोटो खींचते समय तस्वीरों के कुछ हिस्से में काले धब्बे और सफेद रेखाएं नजर आ रही हैं। खासकर कम रोशनी या तेज एलईडी लाइट में फोटो लेते वक्त यह समस्या और बढ़ जाती है।
हर 10 में से 1 फोटो में गड़बड़ी
टेक रिव्यू प्लेटफॉर्म Underscored के हेनरी केसी ने इस समस्या को उजागर किया। उन्होंने iPhone Air का रिव्यू करते हुए बताया कि हर 10 में से करीब एक फोटो में यह बग देखने को मिला। फोटो में काले बक्से और सफेद आड़ी-तिरछी रेखाएं स्पष्ट दिखाई दे रही थीं। खास बात यह है कि यह खामी सिर्फ कुछ खास परिस्थितियों में देखने को मिल रही है।
ऐपल ने मानी गलती, बताया कारण
Apple ने इस समस्या को स्वीकार करते हुए एक बयान में कहा कि यह बग बहुत ही रेयर स्थिति में होता है, जब कोई बहुत तेज एलईडी डिस्प्ले सीधे कैमरे पर पड़ता है। कंपनी के मुताबिक, ये गड़बड़ी हार्डवेयर नहीं बल्कि सॉफ्टवेयर से जुड़ी है, जिसे अपडेट के जरिए ठीक किया जा सकता है।
जल्द आएगा सॉफ्टवेयर अपडेट
Apple ने जानकारी दी है कि वे इस कैमरा बग को ठीक करने के लिए एक सॉफ्टवेयर अपडेट पर काम कर रहे हैं। हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह अपडेट कब तक रोलआउट किया जाएगा। कंपनी ने यूजर्स को सलाह दी है कि जब तक अपडेट नहीं आता, तब तक हाई ब्राइटनेस वाली एलईडी लाइट्स के आसपास फोटो लेते समय सावधानी बरतें।
iPhone Air: अब तक का सबसे पतला iPhone
iPhone Air को Apple ने इस बार खासतौर पर डिजाइन पर फोकस करते हुए पेश किया है। इसकी मोटाई महज 5.6 मिमी है, जिससे यह अब तक का सबसे स्लिम iPhone बन गया है। इसमें A19 Pro चिपसेट, 6.5 इंच का डिस्प्ले, 48MP का रियर और 12MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। यह iOS 26 पर चलता है।
कीमत और वेरिएंट
भारत में iPhone Air की शुरुआती कीमत 1,19,900 रुपये रखी गई है, जबकि इसका टॉप वेरिएंट 1,59,900 रुपये में उपलब्ध है। फीचर्स के लिहाज से यह प्रीमियम कैटेगरी में आता है, लेकिन कैमरा बग ने इसकी छवि पर शुरुआती असर डाला है।




