img

पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर और हिंदुस्तानी युवक सचिन मीणा की प्रेम कहानी इन दिनों सबकी जुबान पर है। देश ही नहीं बल्कि विदेशी मीडिया में भी इन दोनों की प्रेम कहानी के चर्चे हो रहे हैं। पाकिस्तानी सीमा हैदर ने ग्रेटर नोएडा के रहने वाले लड़के सचिन मीणा के प्यार में दीवानी होकर दो देशों के बीच की सरहद को भी लांघने से गुरेज नहीं किया और वह अवैध तरीके से भारत पहुंचकर यहां सचिन के साथ रहने भी लगी।

बाद में जब पुलिस को एक पाकिस्तानी महिला के ग्रेटर नोएडा में रहने की खबर मिली तो पुलिस उन तक पहुंची और सीमा और सचिन दोनों को 4 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि दोनों को 7 जुलाई को एक अदालत से जमानत भी मिल गई। इस बीच सीमा हैदर के मामले पर पहली बार विदेश मंत्रालय का कोई आधिकारिक बयान आया है।

विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि इस मामले की जानकारी विदेश मंत्रालय के पास है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने सीमा हैदर के मामले में प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने कहा कि अदालत में सीमा पेश हुई थी और उसके बाद उनको जमानत दे दी गई। वह बेल पर बाहर हैं और मामले की जांच चल रही है और आगे की जानकारी उपलब्ध होने पर हम आपको बताएंगे। अभी के लिए बस मेरे पास इतना कहने के लिए कि जांच चल रही है।

आपको बता दें कि सीमा पर पाकिस्तानी जासूस होने का शक जताया गया था। यूपी एटीएस शुरुआत से ही इस मामले पर नजर बनाए हुए थी और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा था कि कहीं ऐसा तो नहीं कि सीमा हैदर प्यार की आड़ में जासूसी करने या फिर किसी गलत इरादे से भारत आई हो। 

--Advertisement--