CM योगी के सामने सपा और बसपा ने टेके घुटने, जानिए BJP कितनी सीटों पर चल रही आगे

img
लखनऊ। प्रदेश में विधान सभा की रिक्त हुई सात सीटों पर हुए उपचुनाव के लिये मंगलवार को मतगणना जारी है। भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक अब भाजपा पांच सीटों पर, सपा एक पर तथा एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने बढ़त बनाई हुई है। पिछली बार इन सात में से मल्हनी सीट सपा के पास थी, जबकि छह सीटों पर भाजपा का कब्जा था।
Yogi, Akhilesh and Mayawati
अमरोहा जनपद की 40-नौगांव सदात से समाजवादी पार्टी के जावेद अब्बास अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से पांच हजार से अधिक मतों से अब आगे चल रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के संगीता चौहान से 5,161 मतों की बढ़त हासिल कर ली है।
जनपद बुलन्दशहर की 65-बुलन्दशहर से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार उषा सिरोही भी बहुजन समाज पार्टी के मौहम्मद यूनुस से आगे चल रही हैं। उन्होंने फिलहाल 1,820 मतों की बढ़त बनायी हुई है।
फिरोजाबाद की सुरक्षित सीट 95-टूंडला (सुरक्षित) से भाजपा उम्मीदवार प्रेमपाल सिंह धनगर और सपा के महाराज सिंह धनगर के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। भाजपा उम्मीदवार फिलहाल सपा प्रत्याशी से 972 से आगे चल रहे हैं।
इसी तरह उन्नाव की 162-बांगरमऊ सीट पर भी भाजपा की बढ़त बरकरार है। पार्टी उम्मीदवार श्रीकान्त कटियार  समाजवादी पार्टी के सुरेश कुमार पाल से 4,647 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।
कानपुर नगर की सुरक्षित सीट 218-घाटमपुर (सुरक्षित) से अब बसपा को पीछे छोड़ते हुए भाजपा ने एक बार फिर बढ़त बना ली है। यहां भाजपा के उपेन्‍द्र नाथ पासवान बसपा के कुलदीप संखवार से 655 मतों से आगे चल रहे हैं।
देवरिया की सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना में भाजपा शुरुआत से ही बढ़त बनाने में सफल रही है। अब भाजपा उम्मीदवार सत्यप्रकाश मणि अपने निकटतम उम्मीदवार सपा प्रत्याशी ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी से 1,535 मतों से आगे चल रहे हैं।
जौनपुर की 367-मल्हनी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार धनंजय सिंह सपा को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। हर राउंड के बाद मुकाबला रोचक होता नजर आ रहा है। धनंजय सिंह ने अब सपा के लकी यादव से 1,111 मतों की बढ़त बना ली है। यहां भाजपा काफी पिछड़ गई है।
उपचुनाव में अमरोहा जनपद की 40-नौगांव सदात से 14, जनपद बुलन्दशहर की 65-बुलन्दशहर से 18, फिरोजाबाद की सुरक्षित सीट 95-टूंडला (सुरक्षित) से 10, उन्नाव की 162-बांगरमऊ से 10, कानपुर नगर की सुरक्षित सीट 218-घाटमपुर (सुरक्षित) से 06, जनपद देवरिया की 337-देवरिया से 14 तथा जौनपुर की 367-मल्हनी सीट से 16 उम्मीदवार मैदान में हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन से रिक्‍त हुई नौगांव-सादात सीट पर भाजपा से उनकी पत्‍नी संगीता चौहान, कांग्रेस से कमलेश सिंह, सपा से जावेद अब्‍बास, बसपा से फुरकान और राकांपा से हशमत अली समेत अन्‍य उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं एक अन्य मंत्री कमल रानी वरुण के निधन के रिक्‍त हुई घाटमपुर सीट पर भाजपा से उपेंद्र नाथ पासवान, सपा से इंद्रजीत कोरी, बसपा से कुलदीप संखवार और कांग्रेस से डॉ कृपा शंकर उम्‍मीदवार हैं।
इसके अलावा विधानसभा में भाजपा के मुख्‍य सचेतक रहे वीरेंद्र सिंह सिरोही के निधन के बाद भाजपा ने बुलंदशहर सीट पर सिरोही की पत्‍नी ऊषा सिरोही, बसपा ने मोहम्‍मद युनूस, कांग्रेस ने सुशील चौधरी, राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने योगेंद्र शंकर शर्मा, आल इंडिया मजलिस-ए-इत्‍तेहादुल मुसलमीन ने दिलशाद अहमद और राष्‍ट्रीय लोकदल ने प्रवीण कुमार सिंह को मौका दिया है। समाजवादी पार्टी ने इस सीट पर राष्‍ट्रीय लोकदल को समर्थन दिया है।
उन्‍नाव की बांगरमऊ सीट पर कांग्रेस से आरती बाजपेयी, बहुजन समाज पार्टी से महेश प्रसाद और भाजपा से श्रीकांत कटियार चुनाव मैदान में हैं, जबकि समाजवादी पार्टी ने यहां सुरेश कुमार पाल को मैदान में उतारा है। बांगरमऊ सीट विधायक कुलदीप सेंगर के सजायाफ्ता होने से रिक्‍त हुई है।
भाजपा विधायक जनमेजय सिंह के निधन से रिक्‍त हुई देवरिया सीट पर पार्टी से सत्‍यप्रकाश मणि त्रिपाठी, समाजवादी पार्टी से ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी, बहुजन समाज पार्टी से अभय नाथ त्रिपाठी और कांग्रेस से मुकुंद भाष्‍कर तथा राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से अशोक यादव चुनाव मैदान में हैं। देवरिया में भाजपा से टिकट न मिलने पर जनमेजय के पुत्र अजय प्रताप सिंह उर्फ पिंटू निर्दलीय उम्‍मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के विधायक पारसनाथ यादव के निधन से रिक्‍त हुई मल्‍हनी सीट पर सपा ने लकी यादव, भारतीय जनता पार्टी ने मनोज कुमार सिंह, बहुजन समाज पार्टी ने जयप्रकाश दुबे, कांग्रेस ने राकेश मिश्र और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने सतीश चंद्र उपाध्‍याय को मौका दिया है। मल्‍हनी सीट पर पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी किस्‍मत आजमा रहे हैं।
भाजपा सरकार में मंत्री रहे एसपी सिंह बघेल के आगरा से सांसद बनने के बाद रिक्‍त हुई टूंडला सीट पर भाजपा से प्रेम पाल सिंह धनगर, समाजवादी पार्टी से महराज सिंह धनगर और बहुजन समाज पार्टी से संजीव चक मैदान में हैं। यहां कांग्रेस उम्‍मीदवार का नामांकन पहले ही निरस्‍त हो गया था।
Related News