पहले ही दिन ₹260 के पार लिस्ट हो सकता है यह धांसू शेयर, निवेशकों ने लगा दिया 127 गुना बड़ा दांव
भारतीय शेयर बाजार में आईपीओ (IPO) के जरिए कमाई करने वाले निवेशकों के लिए एक बेहद बड़ी और मुनाफे वाली खबर सामने आ रही है। मेटल रिसाइक्लिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज के आईपीओ को मार्केट में निवेशकों का छप्परफाड़ रिस्पॉन्स मिला है। इस आईपीओ पर निवेशकों ने पूरे 127 गुना से ज्यादा का दांव लगा दिया है। भारी डिमांड के चलते कंपनी के शेयर ग्रे मार्केट में भी लगातार धूम मचा रहे हैं और इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) आसमान छू रहा है। मौजूदा बाजार के संकेतों को देखें तो यह शेयर अपने पहले ही दिन 37 फीसदी से ज्यादा के बंपर प्रीमियम के साथ ₹260 के पार लिस्ट होकर निवेशकों को मालामाल करने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।
₹192 का प्राइस बैंड और ₹71 पर पहुंचा कंपनी का जीएमपी
सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज ने अपने आईपीओ के लिए प्रति शेयर का दाम ₹192 तय किया था। वहीं, ग्रे मार्केट की हलचल पर नजर रखने वाले विश्लेषकों के मुताबिक, इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹71 के मजबूत स्तर पर पहुंच गया है। अगर मौजूदा जीएमपी और इश्यू प्राइस को जोड़कर देखा जाए, तो सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज के शेयर बाजार में ₹263 की भारी-भरकम कीमत पर लिस्ट हो सकते हैं। इसका मतलब है कि जिन खुशनसीब निवेशकों को इस आईपीओ का अलॉटमेंट मिलेगा, उन्हें लिस्टिंग के पहले ही दिन प्रति शेयर करीब ₹71 का तगड़ा मुनाफा हो सकता है। यह आईपीओ निवेश के लिए 3 जून को खुला था और 5 जून को बंद हुआ है।
जानिए किस तारीख को होगा अलॉटमेंट और कब है लिस्टिंग डेट
आईपीओ बंद होने के बाद अब निवेशकों को इसके अलॉटमेंट का बेसब्री से इंतजार है। तय कार्यक्रम के अनुसार, सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज के शेयरों का अलॉटमेंट 8 जून को फाइनल किया जाएगा। जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिल पाएंगे, उनका रिफंड इसके बाद जारी होगा। वहीं, जिन निवेशकों के डिमैट खाते में शेयर क्रेडिट होंगे, वे 10 जून को बाजार खुलने पर इनकी ट्रेडिंग कर सकेंगे। कंपनी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों ही प्रमुख प्लेटफॉर्म्स पर एक साथ लिस्ट होने जा रहे हैं। मोहन अग्रवाल, प्रतिभा अग्रवाल, अक्षय अग्रवाल और राघव अग्रवाल कंपनी के मुख्य प्रमोटर हैं, जिनकी आईपीओ से पहले कंपनी में 86.95 फीसदी की बड़ी हिस्सेदारी थी।
हर कैटेगरी में टूटा रिकॉर्ड, क्यूआईबी ने लगाया 240 गुना दांव
सब्सक्रिप्शन के आंकड़ों को देखें तो इस आईपीओ को कुल 127.07 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। इसमें सबसे ज्यादा उत्साह क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की कैटेगरी में देखा गया, जहां यह कोटा रिकॉर्ड तोड़ 240.46 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसके बाद नॉन-ईंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) की कैटेगरी में भी 172.35 गुना दांव लगा। आम रिटेल निवेशकों के कोटे की बात करें तो इसमें 27.08 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है, जबकि कंपनी के कर्मचारियों का कोटा 18.53 गुना सब्सक्राइब हुआ। इस आईपीओ में आम निवेशकों के लिए मिनिमम 1 लॉट (78 शेयर) और अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगाने का विकल्प दिया गया था।
आखिर क्या करती है सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज?
साल 2006 में शुरू हुई सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड मुख्य रूप से एक नॉन-फेरस मेटल रिसाइक्लर कंपनी है। यह कंपनी एल्युमीनियम और जिंक डाई-कास्टिंग एलॉयज बनाने में विशेषज्ञता रखती है। इसके अलावा कंपनी रिसाइकल्ड एल्युमीनियम एलॉय, जिंक एलॉय इंग्गट्स और स्टेनलेस स्टील, कॉपर, ब्रॉस व लेड के सेग्रगैटिड फर्नेस रेडी स्क्रैप का बड़े पैमाने पर निर्माण करती है। कंपनी के बनाए एल्युमीनियम बिलेट्स की मांग ऑटोमोटिव और नॉन-ऑटोमोटिव दोनों सेक्टर्स में काफी ज्यादा है। दिसंबर 2025 तक के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस कंपनी के साथ 784 परमानेंट कर्मचारी और करीब 3,956 कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स जुड़े हुए हैं, जो इसके मजबूत बिजनेस मॉडल को दर्शाता है।