11 साल की मासूम से दरिंदगी करने वाले का अंत, जानें कैसे हुआ एनकाउंटर
पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 11 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए बलात्कार और हत्या के मामले में एक बेहद सनसनीखेज मोड़ आ गया है। इस वीभत्स कांड के मुख्य आरोपियों में से एक, प्रभास मंडल, बीती रात एक नाटकीय पुलिस मुठभेड़ (Encounter) में मारा गया है।
पुलिस अधिकारियों से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह घटना उस वक्त घटी जब आरोपी ने हिरासत से भागने के लिए एक पुलिसकर्मी की सर्विस गन छीन ली और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को आत्मरक्षार्थ गोली चलानी पड़ी, जिसमें आरोपी ढेर हो गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
आधी रात को सीन री-क्रिएशन के लिए ले गई थी पुलिस, ऐसे शुरू हुई मुठभेड़
पुलिस प्रशासन के मुताबिक, जांच को आगे बढ़ाते हुए और अपराध के घटनाक्रम को सिलसिलेवार ढंग से समझने (क्राइम सीन री-क्रिएशन) के लिए आरोपी प्रभास मंडल को आधी रात के बाद करीब 12:45 बजे घटनास्थल पर ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी ने सुरक्षा में चूक का फायदा उठाकर एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल झपट ली और भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने जब उसे सरेंडर करने को कहा, तो उसने पुलिस पर ही निशाना साध दिया। इसके बाद पुलिस की तरफ से आत्मरक्षा और आरोपी को हिरासत से भागने से रोकने के लिए गोलियां चलाई गईं। गोलीबारी में प्रभास गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
'मेरे बेटे के टुकड़े-टुकड़े कर दो...' — आरोपी की मां की भावुक अपील ने हिलाया था देश
इस एनकाउंटर से पहले सोशल मीडिया और मीडिया चैनलों पर आरोपी प्रभास मंडल की मां का एक बेहद भावुक बयान जमकर वायरल हो रहा था। एक मां होने के नाते उन्होंने ममता को ताक पर रखकर अपनी बेटी जैसी मासूम पीड़िता के लिए न्याय की गुहार लगाई थी। पत्रकारों से रोते हुए उन्होंने कहा था कि अगर उनका बेटा इस जघन्य अपराध में दोषी है, तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा था, "उसे फांसी दे दो या उसके टुकड़े-टुकड़े कर दो उसे वही सजा मिले जिसका वह हकदार है। अगर मुझे पता होता, तो मैं खुद उसे पुलिस के हवाले कर देती।" गौरतलब है कि वारदात से ठीक पहले के सीसीटीवी फुटेज में प्रभास को मासूम बच्ची के साथ देखा गया था, जिसके बाद वह मुख्य संदिग्ध बन गया था।